औचक निरीक्षण: लालपुर विद्यालय में खामियां मिलने पर भड़के BSA, वेतन रोकने और नोटिस के निर्देश

सिराजुद्दीन (मुन्ना) पत्रकार
0
औरैया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) संजीव कुमार ने विकास खंड भाग्य नगर के अंतर्गत ग्राम लालपुर स्थित परिषदीय विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में भारी कमियां, बच्चों की कम उपस्थिति और साफ-सफाई में लापरवाही मिलने पर उन्होंने सख्त रुख अपनाया। बीएसए ने अनुपस्थित शिक्षकों का वेतन रोकने और लापरवाही बरतने पर प्रधानाध्यापकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यालय ककोर के समीप लालपुर विद्यालय पहुंचे जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने मिड-डे-मील (एमडीएम) की गुणवत्ता और स्कूल परिसर में स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया, जहां कई अनियमितताएं पाई गईं। छात्र उपस्थिति बेहद कम होने पर नाराजगी जताते हुए बीएसए ने साफ किया कि बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
घर-घर जाकर अभिभावकों को किया जागरूक
निरीक्षण के बाद बीएसए संजीव कुमार ने विद्यालय के समस्त स्टाफ को साथ लिया और खुद लालपुर गांव की गलियों में निकल पड़े। उन्होंने ग्रामीणों और बच्चों के अभिभावकों से घर-घर जाकर मुलाकात की। बीएसए ने अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजने का आग्रह करते हुए कहा, "बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए शिक्षा अनिवार्य है। यदि बच्चे समय पर विद्यालय आकर शिक्षा ग्रहण करेंगे, तभी वे आत्मनिर्भर और सक्षम बन सकेंगे।" 
इस दौरान उन्होंने स्कूल स्टाफ को भी निर्देश दिए कि वे लगातार ग्रामीणों के संपर्क में रहें और शत-प्रतिशत नामांकन व उपस्थिति सुनिश्चित कराएं। बीएसए की इस औचक कार्रवाई और अनूठी पहल से क्षेत्र के लापरवाह शिक्षकों में हड़कंप मचा हुआ है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top