औरैया। सावन माह में भगवान शिव की आराधना को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार शाम बेला कस्बे से 17 श्रद्धालुओं का एक जत्था पवित्र कांवड़ यात्रा पर रवाना हुआ।
श्रद्धालु असेनी मार्ग से होते हुए सिंघीरामपुर पहुंचे। वहां से सभी कांवड़ियों ने पात्रों में पवित्र गंगाजल भरा और औरैया स्थित ऐतिहासिक व प्राचीन देवकली मंदिर के लिए अपनी पैदल यात्रा शुरू की। कांवड़ियों ने बताया कि वे करीब 51 लीटर गंगाजल लेकर यात्रा कर रहे हैं। सभी श्रद्धालुओं का लक्ष्य सोमवार को देवकली मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करना है। श्रद्धालुओं के अनुसार सावन माह में भगवान शिव के जलाभिषेक की विशेष धार्मिक मान्यता है। यात्रा के दौरान 'हर-हर महादेव' और 'बोल बम' के गगनभेदी जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया है। कांवड़ियों के इस उत्साह को देखकर क्षेत्र के लोगों में भी भारी धार्मिक माहौल बना हुआ है।



