औरैया (ब्यूरो)। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के मद्देनजर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आ रहा है। श्रावण मास के दूसरे सोमवार और कांवड़ियों की सुरक्षा को देखते हुए जिलाधिकारी बृजेश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने संयुक्त रूप से सुप्रसिद्ध प्राचीन देवकली मंदिर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं के लिए की गई तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने भीड़ नियंत्रण, सुदृढ़ यातायात व्यवस्था, बैरिकेडिंग तथा श्रद्धालुओं को सुगम एवं सुरक्षित दर्शन कराने को लेकर संबंधित मातहत अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके साथ ही मंदिर परिसर व उसके आसपास के क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल, सुचारू साफ-सफाई और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं पर्याप्त रूप से सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए गए। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी (एडीएम) अविनाश चंद्र मौर्य, अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) आलोक मिश्रा सहित पुलिस एवं प्रशासनिक सेवा के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।




