औरैया में आस्था का भव्य स्वागत: डीएम और एसपी ने शिवभक्तों पर की पुष्प वर्षा , सुरक्षा का दिया भरोसा

सिराजुद्दीन (मुन्ना) पत्रकार
0

औरैया (ब्यूरो)। सावन के द्वितीय सोमवार पर जनपद के ऐतिहासिक देवकली मंदिर में श्रद्धा और सुरक्षा का एक अनोखा नजारा देखने को मिला। जिलाधिकारी बृजेश कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने खुद मोर्चे पर रहकर न केवल व्यवस्थाओं का जायजा लिया बल्कि मंदिर पहुंचे कावड़ियों और श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया। प्रशासन के इस संवेदनशील और सम्मानजनक कदम से शिवभक्त गदगद नजर आए। अफसरों ने श्रद्धालुओं से बातचीत कर उन्हें पूरी सुरक्षा और सुगम दर्शन का भरोसा दिलाया।

जयकारों के बीच बरसते रहे फूल
सोमवार को सुबह से ही देवकली मंदिर में जलाभिषेक के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी। बम-बम भोले और हर-हर महादेव के जयकारों के बीच जैसे ही कावड़ियों का जत्था मंदिर परिसर की ओर बढ़ा जिलाधिकारी बृजेश कुमार और एसपी अभिषेक भारती ने उन पर फूलों की बारिश कर दी। प्रशासनिक मुखियाओं से मिले इस अप्रत्याशित सम्मान से कावड़ियों का उत्साह दोगुना हो गया। शिवभक्तों ने कहा कि प्रशासन के इस व्यवहार ने उनकी लंबी और थकाऊ यात्रा की थकान को पल भर में दूर कर दिया।
सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
पुष्प वर्षा के बाद दोनों आला अधिकारियों ने मंदिर परिसर और आसपास के संवेदनशील मार्गों का निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए। सुरक्षा को लेकर ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी की जा रही है। 

 इस खास मौके पर जिले के तमाम वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों की इस सक्रियता और मुस्तैदी की वजह से सावन के दूसरे सोमवार पर जलाभिषेक का कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण, सुरक्षित और दिव्य माहौल में संपन्न हुआ।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top