शिवली कानपुर देहात।
श्रावण मास के दूसरे सोमवार को शिवालयों पर भोर पहर से ही भक्तों की भीड़ लगी। चारों ओर हर-हर महादेव के जयकारों से मंदिर परिसर गुंजायमान हो रहे थे। शिवली और आसपास के क्षेत्र के सभी प्रमुख मंदिरों पर शिवजी के जलाभिषेक के साथ श्रद्धालुओं द्वारा पूजा-अर्चना की गई, वहीं कावड़ियों ने गंगाजल से महादेव का जलाभिषेक किया। सुरक्षा दृष्टिकोण से भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात रहा।
![]() |
| जागेश्वर मंदिर में पूजन करते शिव भक्त |
बताते चलें कि इस बार सावन के दूसरे सोमवार पर सोम प्रदोष व्रत और बुधादित्य राजयोग का एक बेहद दुर्लभ संयोग बना है, जिससे आज के दिन पूजा और जलाभिषेक का महत्व कई गुना बढ़ गया है। डमरू की आवाज, बेलपत्र की खुशबू और बम-बम भोले, हर-हर महादेव के जयकारों के बीच सावन के दूसरे सोमवार के चलते शिवली क्षेत्र के शिवालय भक्तों की भारी भीड़ से भरे रहे। भोर पहर से जलाभिषेक और पूजन का सिलसिला शुरू हुआ जो देर शाम तक चलता रहा। कोई भक्त कांवड़ लेकर आया है तो कोई भक्त परिवार संग। महिला, बच्चे, बुजुर्ग और युवा सभी अपनी अपनी मन्नत के साथ शिवलिंग पर जल, गंगाजल, कच्चा दूध, बेलपत्र, धतूरा, चंदन और सफेद फूल बाबा को अर्पण करने शिवालयों में पहुंचे। सावन में शिवली स्थित अति प्राचीन जागेश्वर महादेव मंदिर में भारी संख्या में कांवड़ियों और श्रद्धालुओं के आने के मद्देनजर कोतवाली पुलिस द्वारा सुरक्षा के भी भारी इंतजाम किए गए।



