औरैया : HPV टीकाकरण अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक पात्र बालिका का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करें : जिलाधिकारी

सिराजुद्दीन (मुन्ना) पत्रकार
0

औरैया । जिलाधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में HPV (Human Papillomavirus) एवं MR (Measles & Rubella) टीकाकरण अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी  ने HPV टीकाकरण अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कहा कि यह अभियान बालिकाओं को भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाला एक प्रमुख कैंसर है, जो मुख्य रूप से ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV) संक्रमण के कारण होता है। HPV टीकाकरण इस संक्रमण से बचाव में प्रभावी भूमिका निभाता है तथा भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के खतरे को कम करने में सहायक है।

जिलाधिकारी ने सभी निजी एवं सरकारी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों तथा शिक्षकों को निर्देशित किया  कि वे इस जनहितकारी अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए 31 अगस्त 2026 तक प्रत्येक पात्र बालिका का शत-प्रतिशत HPV टीकाकरण सुनिश्चित कराएं। उन्होंने निर्देश दिए कि विद्यालयों में 14 वर्ष पूर्ण एवं 15 वर्ष से कम आयु की पात्र बालिकाओं की सूची समय से तैयार की जाए तथा उनके अभिभावकों को HPV टीकाकरण के महत्व के संबंध में जागरूक किया जाए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित तिथियों पर टीकाकरण सत्रों में पात्र बालिकाओं की अधिकतम उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए । जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि कोई भी पात्र बालिका टीकाकरण से वंचित नहीं रहनी चाहिए।

 बैठक में स्वास्थ्य विभाग द्वारा अवगत कराया गया कि जनपद के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, जिला चिकित्सालयों एवं वीएचएसएनडी सत्रों पर नियमित रूप से HPV टीकाकरण सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त प्रत्येक रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी HPV टीकाकरण सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। विद्यालयों के सहयोग से अभियान को और गति प्रदान की जा रही है। जिलाधिकारी ने जनपद के सभी अभिभावकों से अपील की, कि वे अपनी पात्र बालिकाओं को निःसंकोच HPV का टीका अवश्य लगवाएं। उन्होंने कहा कि यह टीका सुरक्षित, प्रभावी एवं निःशुल्क उपलब्ध है और बालिकाओं के स्वस्थ भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण सुरक्षा प्रदान करता है।

   बैठक में MR (मीजल्स-रूबेला) टीकाकरण अभियान की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करते हुए सभी लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सुरेंद्र सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार मौर्य, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजीव कुमार, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी एवं RRT JSI सहित जनपद के सभी निजी एवं माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों के प्रतिनिधि आदि उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top