गजनेर पुलिस ने दो युवकों को अवैध तमंचा व कारतूस के साथ किया गिरफ्तार

UP LIVE VISION DESK
0

कानपुर देहात: जनपद कानपुर देहात में अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना गजनेर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रात्रि गश्त के दौरान पुलिस टीम ने दो युवकों को अवैध असलहा और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया।


पुलिस के अनुसार ग्राम दुआरी से गंगरौली जाने वाले मार्ग पर दो संदिग्ध व्यक्ति जाते हुए दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे, जिस पर शक होने पर पुलिस टीम ने उनका पीछा कर ग्राम सभा की खाली जमीन के पास दोनों को पकड़ लिया।

पूछताछ में पकड़े गए युवकों ने अपना नाम अजय सिंह उर्फ तनु (25 वर्ष) पुत्र शिव सिंह निवासी मानसिंह का पुरवा मजरा दुआरी और रजत शुक्ला (24 वर्ष) पुत्र चुन्ना शुक्ला उर्फ अश्वनी शुक्ला निवासी ग्राम दुआरी थाना गजनेर बताया। तलाशी लेने पर अजय सिंह के कब्जे से एक अवैध 12 बोर देशी तमंचा व दो जिंदा कारतूस तथा रजत शुक्ला के पास से एक अवैध 315 बोर तमंचा व दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने बताया कि वे गांव में रौब जमाने और दहशत फैलाने के लिए तमंचा और कारतूस अपने पास रखते थे। लाइसेंस मांगने पर वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

इस मामले में थाना गजनेर में मु0अ0सं0 0058/2026 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जाएगा।

बरामदगी:

  • 01 अवैध देशी तमंचा 315 बोर

  • 02 जिंदा कारतूस 315 बोर

  • 01 अवैध देशी तमंचा 12 बोर

  • 02 जिंदा कारतूस 12 बोर

गिरफ्तारी करने वाली टीम:
उपनिरीक्षक शोभित कटियार (चौकी प्रभारी पामा), कांस्टेबल सुनील कुमार, राजेश कुमार, अनुज कुमार और सहचालक गणेश पटेल शामिल रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top