राहुल मिश्रा/ कानपुर देहात - शनिवार को मैथा तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर महिला कल्याण, बालविकास पुष्टाहार विभाग राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने एसडीएम श्याम नारायण शुक्ला व तहसीलदार सुनील कुमार के साथ लोगों की समस्याओं/शिकायतों को सुनकर गुणवत्तापूर्ण, संतुष्टिपरक, त्वरित निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 67 शिकायतें प्राप्त हुई, शिकायतों में राजस्व विभाग की सर्वाधिक 50, विकास खण्ड मैथा की 04, विद्युत की 04, पुलिस की 03, आपूर्ति विभाग की 06 शिकायतें प्राप्त हुई। खण्ड विकास की 01 शिकायत का मौके पर निस्तारण किया गया। राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला व एसडीएम श्याम नारायण शुक्ला ने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्राप्त समस्याओं/ शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर सभी अधिकारी विशेष ध्यान दें, शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि आईजीआरएस, तहसील दिवस तथा जनप्रतिनिधियों से प्राप्त होने वाली शिकायतों का समय से निस्तारण करें।
इस मौके पर नायब तहसीलदार सुधीर कुमार, शिवली अपराध इंस्पेक्टर शीलेन्द्र यादव, पीएचसी प्रभारी मैथा डा सिद्धार्थ पाठक, सीडीपीओ सुनीता, एडीओ सहकारिता विपिन त्रिपाठी, एडीओ समाज कल्याण धीरज सविता, मुख्य सेविका वर्षा सविता, मोनम तिवारी, कानूनगो नन्दकिशोर सहित अन्य तहसील व ब्लाक स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।


