कानपुर देहात -: रसूलाबाद कोतवाली क्षेत्र में यूपी-112 के पुलिसकर्मियों ने नहर में गिरे एक युवक और युवती की जान अपनी जान पर खेलकर बचाई। नहर पुल पर हुए हादसे के बाद पीआरवी कर्मियों ने तुरंत नहर में छलांग लगाकर दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना रसूलाबाद कोतवाली क्षेत्र के शहबाजपुर नहर पुल पर हुई। गुरुवार को असालतगंज की ओर से लौट रहे बाइक सवार युवक गोलू और युवती नेहा पुल के पास सामने से आ रहे डंपर को क्रॉस करते समय अनियंत्रित हो गए। बाइक टूटी हुई रेलिंग के पास से सीधे नहर में जा गिरी।
हादसे के बाद गोलू और नेहा नहर के तेज बहाव में फंस गए। मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। इसी दौरान, यूपी-112 पीआरवी 8942 के पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और तत्काल बचाव अभियान शुरू कर दिया।
राहत बचाव कार्य करते पुलिस जवान
पीआरवी पर तैनात हेड कांस्टेबल चालक सुभाष यादव और पुलिसकर्मी मनोज कुमार ने साहस दिखाते हुए भरी हुई नहर में छलांग लगा दी। दोनों पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद युवक और युवती को सुरक्षित बाहर निकाला। बचाव कार्य के दौरान नहर में गिरी बाइक को भी बाहर निकाल लिया गया। सूचना मिलने पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रसूलाबाद भेजा गया, जहां उनका उपचार किया गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिसकर्मियों की तत्परता और बहादुरी की सराहना की। उनका कहना था कि यदि पीआरवी कर्मी तुरंत कार्रवाई न करते तो यह हादसा जानलेवा हो सकता था। पुलिस ने हादसे में शामिल डंपर को भी अपने कब्जे में ले लिया है।

