बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, माताओं को किया गया सम्मानित
सचिन अग्निहोत्री /कानपुर देहात। अंतर्राष्ट्रीय मातृ दिवस के अवसर पर शनिवार को पुलिस लाइन्स कानपुर देहात में वामा सारथी के तत्वावधान में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय की गरिमामयी उपस्थिति रही, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता वामा सारथी की अध्यक्षा श्रीमती अर्चना सिरोही ने की।
कार्यक्रम में माताओं के सम्मान, उनके त्याग, तपस्या एवं परिवार और समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान पुलिस परिवार की माताओं एवं महिलाओं को विशेष रूप से सम्मानित भी किया गया।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने सभी माताओं को मातृ दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मातृ शक्ति समाज की मूल आधारशिला है। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के प्रति पुलिस विभाग की प्रतिबद्धता दोहराई।
वहीं, वामा सारथी की अध्यक्षा श्रीमती अर्चना सिरोही ने कार्यक्रम की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि समाज में माताओं का योगदान अतुलनीय है। उन्होंने उपस्थित महिलाओं का उत्साहवर्धन भी किया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण पुलिस परिवार के बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं मनमोहक नृत्य रहा। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को भावुक और जीवंत बना दिया। उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर पुलिस विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, वामा सारथी की सदस्याएं एवं पुलिस परिवार की महिलाएं बड़ी संख्या में मौजूद रहीं।


