कानपुर देहात - झपटमारी की घटना का शिवली पुलिस ने किया खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार

UP LIVE VISION DESK
0

 

महिला से कान का बाला छीनकर फरार हुए थे बाइक सवार बदमाश, घटना में प्रयुक्त अपाचे बाइक भी बरामद

सचिन अग्निहोत्री/कानपुर देहात। जनपद में अपराध नियंत्रण एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना शिवली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने झपटमारी की घटना में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से छीना गया कान का बाला, 200 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ कानपुर देहात समेत आसपास के जनपदों में लगभग एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस की पकड़ में खड़ा आरोपी
पुलिस के अनुसार 24 मई 2026 को थाना शिवली क्षेत्र के ग्राम हरदियानाला में गांव के बाहर उपले पाथ रही एक महिला से दो बाइक सवार बदमाशों ने रामजानकी मंदिर का पता पूछने के बहाने कान का बाला झपट लिया था और मौके से फरार हो गए थे। पीड़िता के पुत्र आशीष निवासी हरदियानाला की तहरीर पर थाना शिवली में मुकदमा दर्ज किया गया था।

मामले की जांच में जुटी शिवली पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर मंगलवार को भेवान नहर पटरी मार्ग से आरोपी इस्माइल पुत्र हसन खां निवासी जल्लापुर सिकंदरा थाना राजपुर को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से महिला से छीना गया पीली धातु का कान का बाला, 200 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल संख्या UP77AH8286 बरामद हुई। पुलिस ने बाइक को एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया है।

पूछताछ में आरोपी इस्माइल ने बताया कि उसने अपने साथी राहुल पुत्र अतर सिंह निवासी ब्रह्मनगर कंजड़ डेरा थाना अकबरपुर के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया था। दोनों ने महिला से मंदिर का पता पूछकर ध्यान भटकाया और फिर झपटमारी कर फरार हो गए। पुलिस फरार आरोपी राहुल की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी इस्माइल के खिलाफ कानपुर देहात, औरैया तथा जालौन जनपदों में चोरी, लूट, झपटमारी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कई संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top