कानपुर देहात - रूरा थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब 65 वर्षीय बाबूराम उर्फ बब्बू संदिग्ध परिस्थितियों में नहर में लापता हो गए। घटना रूरा नहर स्थित पेट्रोल पंप के पास की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई और तत्काल खोजबीन शुरू कर दी गई।
नहर में तलाश करती एसडीआरएफ टीम

जानकारी के अनुसार बाबूराम उर्फ बब्बू ग्राम धनिरामपुर के निवासी हैं। उनके अचानक नहर में लापता होने की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। काफी देर तक तलाश के बावजूद जब उनका कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा।
नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर लकड़ियां डालकर जाम लगा दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के चलते कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित रहा। मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत और आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए और सड़क जाम समाप्त कराया गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के लिए कानपुर से एसडीआरएफ (SDRF) टीम को बुलाया गया। एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर नहर में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। गोताखोरों और आधुनिक उपकरणों की सहायता से लगातार बुजुर्ग की तलाश की जा रही है।
जाम लगाए ग्रामीणों और परिजनों को समझाते आला अधिकारी
हालांकि घटना के कई घंटे बीत जाने के बाद भी बाबूराम उर्फ बब्बू का कोई पता नहीं चल सका है। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में चिंता और बेचैनी का माहौल बना हुआ है। परिजन लगातार प्रशासन से सर्च अभियान और तेज करने की मांग कर रहे हैं।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि जब तक बुजुर्ग का पता नहीं चल जाता, तब तक खोज अभियान लगातार जारी रहेगा। फिलहाल पूरे इलाके की निगाहें एसडीआरएफ के सर्च ऑपरेशन पर टिकी हुई हैं और लोग बुजुर्ग के सकुशल मिलने की प्रार्थना कर रहे हैं।

