शिवली कानपुर देहात।
रूरा मार्ग पर केसरीनिवादा नहर पुल के पास गुरुवार सुबह कार की चपेट में आकर बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए । सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी शिवली पहुंचाया जहां गंभीर हालत होने पर उसे एल एल आर अस्पताल हैलेट रेफर कर दिया गया है।
![]() |
| घायल व्यक्ति का इलाज करते स्वास्थ्यकर्मी |
जनकारी के अनुसार ग्राम घसारा थाना अछल्दा जिला औरैया निवासी 48 वर्षीय गिरिजा शंकर पांडे पुत्र प्रकाश नारायण, रूरा थाना क्षेत्र के सराय गढ़ेवा गांव में अपने साले मयूर बाजपेई की अंतिम यात्रा में शामिल होने अपनी ससुराल बुधवार को आया था। घायल के पुत्र अंशुमन ने बताया कि उसके पिता गुरुवार की सुबह करीब 9:30 बजे गांव से निकली अंतिम यात्रा के साथ रूरा शिवली मार्ग होते हुए खेरेश्वर घाट जा रहे थे। बाइक से उसके पिता जैसे ही केसरी निवादा नहर पुल पर पहुंचे ही थे कि सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए एंबुलेंस के द्वारा शिवली स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। जहां मौजूद डॉक्टर शनी ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उसे एल एल आर अस्पताल हैलेट कानपुर रेफर कर दिया।
कोतवाल अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि हादसे की जानकारी प्राप्त हुई हैं। घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।


