शिवली कानपुर देहात।
विपरीत दिशा से आ रहे वाहन की रोशनी आंखों में पड़ने से बाइक सवार चाचा भतीजी सड़क मार्ग के किनारे खड़े ट्रैक्टर में पीछे से जा घुसे। हादसे में चाचा और भतीजी गंभीर रूप से घायल हो गए। सड़क मार्ग से गुजर रहे राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी शिवली पहुंचाया जहां भतीजी की हालत गंभीर देखते हुए हैलेट अस्पताल कानपुर रेफर कर दिया गया है, जबकि चाचा को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है।
![]() |
| सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में घायल का इलाज करते स्वास्थ्यकर्मी |
जानकारी के अनुसार बुधवार की शाम शाम करीब 7:30 बजे 45 वर्षीय रामदत्त प्रजापति पुत्र दीनदयाल निवासी मतवानपुर कल्याणपुर कानपुर अपनी भतीजी सोनी पत्नी ओमेंद्र के साथ रूरा निवासिनी अपनी बहन सीता के यहां मलमास महीने के पुआ देने के लिए गए थे। वापस लौटते समय जैसे ही शिवली कल्याणपुर मार्ग पर बाघपुर पहुंचे ही थे कि विपरीत दिशा से आ रहे वाहन की तेज रोशनी बाइक चालक रामदत्त की आंखों में लगी। रोशनी लगते ही रामदत्त संतुलन खो बैठे और सड़क मार्ग के किनारे खड़े ट्रैक्टर में पीछे से जा घुसे। हादसे में चाचा जहां मामूली रूप से घायल हो गए वहीं भतीजी गंभीर रूप से घायल हो गई। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार हेतु एंबुलेंस के द्वारा शिवली स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। जहां मौजूद डॉक्टर सिंधुजा ने प्राथमिक उपचार के बाद चाचा को घर भेज दिया जबकि भतीजी सोनी की हालत गंभीर देखते हुए हैलेट अस्पताल कानपुर रेफर कर दिया।
कोतवाल अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि हादसे की जानकारी प्राप्त हुई हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।


