जिम्मेदारों की अनदेखी से कानपुर-बिधूना राष्ट्रीय राजमार्ग गड्ढों में तब्दील, गढ्ढों की वजह से आए दिन होते रहते है हादसे
शिवली कानपुर देहात- जिम्मेदारों की अनदेखी से कानपुर-बिधूना राष्ट्रीय राजमार्ग पर ओवरलोड डंपरों के फर्राटा भरने से सड़क जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो गई है जिससे वाहन चालकों को भारी मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। क्षमता से अधिक भार लेकर चल रहे ये डंपर दिनदहाड़े प्रमुख मार्गों से गुजर रहे हैं, जिससे सड़कें तेजी से क्षतिग्रस्त हो रही हैं, वही आए दिन दो पहिया वाहन सवार इन गड्ढों में गिरकर घायल होते रहते हैं।
 |
| राष्ट्रीय राजमार्ग पर फर्राटा भरता ओवर लोड डंफर |
परिवहन विभाग की करीब चार दर्जन बसें प्रतिदिन कानपुर से बेला, बिधूना, औरैया ,इटावा तथा दिल्ली तक चल रही है जो प्रतिदिन कानपुर बिधूना राष्ट्रीय राजमार्ग से निकलती है। 16 निजी बसें भी रावतपुर कानपुर से रसूलाबाद तक इसी मार्ग पर संचालित है। इसके अलावा हजारों की संख्या में चार पहिया वाहन सवार लोगों का भी इसी मार्ग से कानपुर शहर आना-जाना लगा रहता है। इसके अलावा झांसी से गिट्टी तथा कालपी से ओवरलोड डंपर मौरम लेकर प्रतिदिन बिल्हौर, उतरी पूरा, शिवराजपुर, चौबेपुर, मंधना, बिठूर तथा कल्याणपुर तक फर्राटा भरते हुए कानपुर बिधूना राष्ट्रीय राजमार्ग पर शिवली होते हुए निकालते रहते हैं जिसके परिणाम स्वरुप शिवली कस्बे से पांडु नदी के बीच सड़क जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो गई है। जिससे वाहन चालकों को भारी मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है वही दो पहिया वाहन सवार इन गड्ढों में गिरकर घायल होते रहते हैं।
लोक निर्माण विभाग के जेई नरेश बाबू ने बताया कि शिवली कस्बे के पास से पांडु नदी पुल के बीच सड़क के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिली है। अति शीघ्र उसे सही कराया जाएगा।