रिमझिम बारिश ने खोली कस्बा शिवली में जल निकासी व्यवस्था की पोल, सड़कें हुईं जलमग्न

राहुल मिश्रा
0

 शनिवार सुबह हुई बारिश में नगर पंचायत प्रशासन की घोर लापरवाही हुई उजागर, कस्बे के मुख्य मार्गों में भरा बरसाती पानी


शिवली कानपुर देहात। शिवली नगर पंचायत की सफाई व्यवस्था एवं जल निकासी की व्यवस्था की पोल खोल रहे हैं कस्बे के जलमग्न मार्ग। मानसून आने से पहले हुई रिमझिम बारिश में ही जगह-जगह जल भराव एवं कीचड़ होने से कस्बा वासियों को करना पड़ा भारी मुसीबतों का सामना। शनिवार की सुबह तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से जनजीवन पूरी तरह से अस्त व्यस्त हो गया है। बारिश होने से जगह-जगह पर जबरदस्त तरीके से जलभराव हो गया है। गली, मोहल्लों में  पानी भर जाने से लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया। कस्बा शिवली में जल निकासी के मुख्य बरसाती नालों की सफाई न होने से कस्बा वासियों को भारी मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है। भाजपा सभासद एवं पूर्व सभासद के घरों के पास जबरदस्त जल भराव हो जाने से कस्बे के शिवाजी नगर, गांधीनगर, शंकर नगर एवं शंकर नगर के लोगों को जलभराव की समस्या से जूझते हुये घर से निकलने के लिए परेशानी उठानी पड़ी।               

कस्बे के मुख्य बाजार चौराहे पर भरा बरसाती पानी
   बताते चलें कि नगर पंचायत शिवली में बस स्टॉप को छोड़कर कई मौहल्लों में सफाई की व्यवस्था पूरी तरह से बदहाल हो चुकी है नालियों के क्रॉस टूट चुके हैं। कस्बे की सड़कों पर जगह जगह क्रॉस टूट जाने से कस्बा वासियों को आवागमन में भारी मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है। वहीं जलनिकासी की व्यवस्था भी पूरी तरह से चौपट हो चुकी है। पिछले वर्ष बरसाती नालों की सफाई अभियान में मात्र खाना पूर्ति की गई थी नालों की सफाई कम राजनैतिक विरोध के चलते चटियां अधिक तोड़ी गई थीं इस वर्ष तो अभी तक बरसाती नालों की सफाई भी नहीं करवाई जा सकी है। जिसका परिणाम है कि हल्की फुल्की बारिश में ही गलियां जलमग्न हो गईं। जल निकासी के मुख्य रास्ते साफ न होने के कारण शनिवार की सुबह हुई रिमझिम बारिश से शिवली कस्बे के गांधीनगर, शिवाजी नगर, शंकर नगर आदि मोहल्लों की गलियां पूरी तरह से जलमग्न हो गई है। कस्बे में पूर्व सभासद शिव सिंह यादव के घर के पास से राजू मिश्रा के मकान तक मुख्य सड़क पूरी तरह से जलमग्न हो गई दोपहर तक सड़क पर पानी भरा रहा। इसी तरह से  बाबा राठौर के घर से पूर्व सभासद रामचंद्र के दरवाजे से बस स्टॉप पर निकलने वाली गली में कीचड़ युक्त जल भराव हो गया यही हाल बाजार चौराहे से लेकर पूर्व सभासद रमाशंकर शर्मा के दरवाजे तक रहा। गलियों में जबरदस्त तरीके से जलभराव हो जाने के कारण कुछ समय तक लोग घरों में कैद होकर रह गए। 
शिवली कस्बे के मुख्य मार्ग पर भरा पानी
नगर की अन्य गलियों में भी कीचड़ युक्त जल भराव हो जाने से कस्बा वासियों को भारी मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि इस थोड़ी सी बारिश में जब कस्बे की गलियों का यह हाल है अगर कहीं ठीक-ठाक बरसात हुई होती तो इस कस्बे का नजारा ही कुछ और होता।

 

तेज बारिश होने से जल भराव की समस्या उत्पन्न हो गई है सफाई कर्मियों की टीम लगाकर जल निकासी का प्रबंध किया जा रहा है -  मनीष कुमार अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत शिवली 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top