कानपुर देहात के थाना मंगलपुर क्षेत्र में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने हत्या की वारदात में शामिल एक वांछित अभियुक्ता को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस के अनुसार जनपद में महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 12 जून 2026 को थाना मंगलपुर में एक तहरीर दी गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि गांव की युवती ज्योति पुत्री मान सिंह की हत्या कर शव को छिपाने के उद्देश्य से कार में ले जाकर सेंगुर नदी में फेंक दिया गया।
![]() |
| पुलिस की गिरफ्त में खड़ी हत्यारोपी महिला |
जांच के दौरान थाना मंगलपुर पुलिस टीम ने शनिवार 13 जून 2026 को वांछित अभियुक्ता रेखा देवी पत्नी वीरू निवासी ग्राम चन्द्रकुरा थाना मंगलपुर को ग्राम महोई स्थित टेम्पो स्टैंड से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्ता को न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जबकि बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
पूछताछ में अभियुक्ता ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि उसका पति वीरू बाहर रहकर मजदूरी करता है और इसी दौरान उसके अपने देवर मिलन के साथ अवैध संबंध बन गए थे। 5 जून 2026 को दोनों घर में आपत्तिजनक स्थिति में थे, तभी ननद ज्योति ने उन्हें देख लिया और विरोध करने लगी।
अभियुक्ता के अनुसार पकड़े जाने के डर से उसने और मिलन ने मिलकर धारदार चाकू से ज्योति की हत्या कर दी। वारदात के बाद दोनों ने इसकी जानकारी अपने ससुर मान सिंह को दी। इसके बाद मान सिंह, मिलन, सुनील उर्फ मौला तथा एक अज्ञात कार चालक की मदद से शव को दरी में लपेटकर सेंगुर नदी में फेंक दिया गया। हत्या में प्रयुक्त चाकू भी शव के साथ नदी में फेंक दिया गया था।
पुलिस जांच में सामने आया कि 8 जून को सेंगुर नदी में युवती का शव मिलने की सूचना के बाद सभी आरोपी घर छोड़कर फरार हो गए थे। गिरफ्तार अभियुक्ता ने बताया कि उसकी और मिलन की मुलाकात झींझक रेलवे स्टेशन पर होनी थी, जहां से दोनों मुंबई भागने की फिराक में थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
इस कार्रवाई में थाना मंगलपुर प्रभारी निरीक्षक महेश कुमार दुबे समेत पुलिस टीम के कई सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। घटना के खुलासे के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और लोग इस हत्याकांड को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।


