औरैया में मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़: अवैध क्लीनिक में तख्त पर चढ़ रही ग्लूकोज, स्वास्थ्य विभाग पर उठे सवाल

UP LIVE VISION DESK
0

दीपेंद्र सिंह/ औरैया। जनपद में झोलाछाप डॉक्टरों और अवैध क्लीनिकों का जाल किस कदर फैला है, इसकी बानगी पाता रोड पर देखने को मिली। बाबा रामनरेश कोल्ड स्टोर के पास संचालित एक कथित क्लीनिक में मरीजों की जिंदगी से खुलेआम खिलवाड़ किया जा रहा है। न पंजीकरण, न लाइसेंस, फिर भी यहां अस्पताल जैसी पूरी व्यवस्था चल रही है।

मरीजों का होता उपचार
क्लीनिक में मौके पर देखा गया नजारा बेहद चौंकाने वाला था। क्लीनिक के भीतर मरीजों के लिए न स्ट्रेचर था, न बेड। बीमार लोगों को लकड़ी के तख्त पर लिटाकर ग्लूकोज की बोतलें चढ़ाई जा रही थीं। एक मेज पर दवाओं का ढेर लगा था और दीवार पर ड्रिप लगाने के लिए कीलें ठुकी थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यहां मरीजों को भर्ती करने से लेकर ड्रिप लगाने तक का काम रोजाना हो रहा है।

सबसे गंभीर बात यह है कि इस क्लीनिक के पास स्वास्थ्य विभाग का कोई वैध पंजीकरण या सीएमओ कार्यालय की अनुमति नहीं है। नियमों के मुताबिक बिना लाइसेंस के मरीज भर्ती करना, ड्रिप लगाना और इलाज करना सीधे तौर पर गैर-कानूनी है। इसके बावजूद यह क्लीनिक महीनों से संचालित हो रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग की मिलीभगत के बिना इतने बड़े स्तर पर अवैध क्लीनिक चलना संभव नहीं है। नागरिकों ने जिलाधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी से तत्काल छापेमारी कर क्लीनिक को सील करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी मरीज की जान भी जा सकती है।

बिना लाईसेंस उपचार करता युवक
जिले में इससे पहले भी कई अवैध क्लीनिक पकड़े जा चुके हैं, लेकिन कुछ दिन बाद फिर से खुल जाते हैं। इससे स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। अब देखना होगा कि इस खुलासे के बाद विभाग नींद से जागता है या फिर मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़ का यह खेल बदस्तूर जारी रहता है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top