18 चोरी की बैटरियां, 9 इन्वर्टर, 3 तमंचे और 2 ईको कार बरामद; पानी की टंकियों को बनाते थे निशाना
कानपुर देहात। जनपद में अपराध नियंत्रण अभियान के तहत थाना अकबरपुर पुलिस, एसओजी एवं सर्विलांस टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त टीम ने चेकिंग अभियान के दौरान पांच शातिर बैट्री चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में चोरी का सामान, अवैध असलहे और घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद किए हैं।
![]() |
| पुलिस की पकड़ में खड़े आरोपी और बरामद माल |
जांच के दौरान थाना अकबरपुर पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम जगजीवनपुर बम्बा रोड पर चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान पांच संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से चोरी की 18 बैटरियां, 9 इन्वर्टर, 2 ईको कार, 3 अवैध तमंचे 315 बोर, 6 जिंदा कारतूस तथा 6 मोबाइल फोन बरामद किए गए।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अनुज यादव निवासी बैजूपुरवा थाना रूरा, पुष्पेन्द्र कुमार निवासी रोशनमऊ थाना रूरा, गौरव सिंह उर्फ भानुप्रताप निवासी इकघरा थाना रूरा, विपिन निवासी इकघरा थाना रूरा तथा रामचन्द्र निवासी जरैलापुर थाना अकबरपुर के रूप में हुई है।
कानपुर देहात । अकबरपुर पुलिस और एसओजी की बड़ी कार्रवाई, 5 शातिर बैट्री चोर गिरफ्तार pic.twitter.com/FEqWTYN196
— UP Live Vision 24×7 (@uplivevision) June 4, 2026
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे लोग गांवों के बाहर बनी पानी की टंकियों में लगे सोलर सिस्टम की बैटरियां और इन्वर्टर चोरी करते थे। चोरी के सामान को कानपुर नगर में बेचकर पैसा कमाने की योजना थी। पुलिस ने आरोपियों को चोरी का सामान बेचने जाते समय गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों में कुछ के खिलाफ पहले से भी विभिन्न थानों में मारपीट, आर्म्स एक्ट और एससी/एसटी एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने सभी अभियुक्तों को बरामद माल सहित गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया है।
इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक हरमीत सिंह, एसओजी प्रभारी प्रवीण यादव, सर्विलांस प्रभारी जय प्रकाश शर्मा समेत थाना अकबरपुर की पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।


