Kanpur Dehat News: अवैध खनन और ओवरलोडिंग पर बड़ी कार्रवाई, टास्कफोर्स ने 37 मौरम लदे वाहनों पर किया एक्शन

सचिन अग्निहोत्री / एडिटर
0

 कानपुर देहात -  अवैध खनन, ओवरलोडिंग और बिना वैध परिवहन प्रपत्र के संचालित वाहनों के खिलाफ प्रशासन द्वारा लगातार सख्ती बरती जा रही है। इसी क्रम में जनपद में गठित विशेष टास्कफोर्स ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 37 मौरम लदे वाहनों के विरुद्ध कार्यवाही की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशन में अवैध खनन एवं परिवहन के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत दिनांक 10 जून एवं 11 जून 2026 की रात्रि में तहसील भोगनीपुर क्षेत्र में संयुक्त चेकिंग अभियान संचालित किया गया।

कार्रवाई करती टीम
इस दौरान उपजिलाधिकारी सिकन्दरा, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी कानपुर देहात, खान अधिकारी कानपुर देहात तथा निदेशालय की टीम ने पुलिस बल के साथ भोगनीपुर से जालौन मार्ग पर सघन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान बिना वैध परिवहन प्रपत्र एवं ओवरलोडिंग करते हुए मौरम का परिवहन कर रहे 34 वाहनों को पकड़ा गया। सभी वाहनों को सीज कर थाना भोगनीपुर में निरुद्ध कराया गया।

इसके अतिरिक्त मौरम से लदे एक अन्य वाहन को सीज करते हुए बारा चौकी में खड़ा कराया गया। वहीं दो वाहनों का ऑनलाइन चालान भी किया गया। इस प्रकार कुल 37 वाहनों के विरुद्ध अवैध परिवहन एवं ओवरलोडिंग के मामले में कार्रवाई की गई।

प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध खनन और ओवरलोडिंग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गठित टास्कफोर्स लगातार सक्रिय रहकर ऐसे मामलों पर निगरानी बनाए हुए है तथा आगे भी अभियान जारी रहेगा।

इस कार्रवाई से अवैध खनन कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं प्रशासन की इस सख्ती को लेकर आम लोगों ने भी सराहना की है।

  

कानपुर देहात में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, टास्कफोर्स ने 37 मौरम लदे वाहनों पर की सख्त कार्रवाई

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top