Kanpur Dehat News। मुख्यमंत्री ग्रामीण परिवहन योजना के तहत नई बस सेवा का शुभारंभ, रसूलाबाद क्षेत्र को मिली बड़ी सौगात

सचिन अग्निहोत्री / एडिटर
0

 

विधायक पूनम शंखवार व जिलाधिकारी कपिल सिंह ने बस को दिखाई हरी झंडी, ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी होगी मजबूत

कानपुर देहात। मुख्यमंत्री ग्रामीण परिवहन योजना-2026 के अंतर्गत जनपद कानपुर देहात को एक महत्वपूर्ण परिवहन सुविधा की सौगात मिली। कलेक्ट्रेट परिसर से रसूलाबाद क्षेत्र के लिए नई बस सेवा का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर रसूलाबाद की विधायक श्रीमती पूनम शंखवार एवं जिलाधिकारी श्री कपिल सिंह ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

हरी झंडी दिखाकर रवाना करती विधायक पूनम संखवार और जिला अधिकारी कपिल सिंह
यह बस सेवा तिस्ती-रसूलाबाद से कंहिजरी, रूरा होते हुए अकबरपुर-माती तक संचालित होगी। इसके शुरू होने से क्षेत्र के हजारों ग्रामीण नागरिकों को सुरक्षित, सुलभ एवं सुविधाजनक परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों की जिला मुख्यालय एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों से कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्रीमती पूनम शंखवार ने कहा कि यह बस सेवा विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए लाभकारी साबित होगी। इससे विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों एवं आम नागरिकों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी। उन्होंने इस महत्वपूर्ण योजना के लिए मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके कुशल नेतृत्व में प्रदेश सरकार लगातार जनहितकारी योजनाओं के माध्यम से लोगों के जीवन को आसान बनाने का कार्य कर रही है।

जिलाधिकारी श्री कपिल सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री ग्रामीण परिवहन योजना के तहत प्रारंभ की गई यह बस सेवा जनपदवासियों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में आसानी होगी और क्षेत्रीय संपर्क व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्री विधान जायसवाल, एआरएम रोडवेज, एआरटीओ सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने इस पहल को ग्रामीण विकास एवं जनसुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top