Kanpur Dehat। रूरा और डेरापुर में पुलिस का सुरक्षा मार्च, एसपी ने पैदल गश्त कर परखी कानून-व्यवस्था

सचिन अग्निहोत्री / एडिटर
0


बाजारों और संवेदनशील इलाकों में सघन चेकिंग, आमजन से संवाद कर सुरक्षा का दिलाया भरोसा

कानपुर देहात। जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा नागरिकों में सुरक्षा की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय एवं अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद ने पुलिस बल के साथ रूरा और डेरापुर कस्बों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

कस्बे में पुलिस बल के साथ मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेती पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय
पैदल गश्त के दौरान अधिकारियों ने रूरा कस्बे में अकबरपुर रोड स्थित शिवाजी नगर से डेरापुर रोड भटौली तिराहा तक तथा डेरापुर कस्बे के सर्राफा बाजार एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों का भ्रमण किया। इस दौरान बाजारों, प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की गई।

गश्त के दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच अभियान चलाया। बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों, संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त दिखने वाले व्यक्तियों तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों की जांच की गई। साथ ही पुलिसकर्मियों को क्षेत्र में सतर्कता बनाए रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

एसपी श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और राहगीरों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा सुरक्षा संबंधी सुझाव प्राप्त किए। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, जिससे समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनपद में अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने के लिए पैदल गश्त, वाहन चेकिंग और अन्य सुरक्षा अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं। जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा कानपुर देहात पुलिस "सुरक्षा, सेवा और विश्वास" के संकल्प के साथ जनसेवा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top