औरैया: मौरंग से लदे डंफर के केबिन में लगी भीषण आग , फायर ब्रिगेड की तत्परता से टला बड़ा हादसा

औरैया। जनपद के सदर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत जालौन रोड पर बीती रात उस समय हड़कंप मच गया जब मौरंग से लदे एक डंफर के केबिन में अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। देखते ही देखते डंफर आग का गोला बन गया। गनीमत यह रही कि दमकल विभाग की टीम ने समय रहते मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।

रात 2:45 बजे मिली सूचना, मौके पर दौड़ी फायर यूनिट
जानकारी के अनुसार रात तकरीबन 02:45 बजे मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) औरैया, तेजवीर सिंह को जालौन रोड पर डंफर में आग लगने की सूचना मिली। घटना की गंभीरता को देखते हुए CFO के निर्देश पर फायर यूनिट बिना वक्त गंवाए तत्काल मौके के लिए रवाना हो गई।

पास खड़े थे कई अन्य डंफर, सूझबूझ से बचीं करोड़ों की गाड़ियाँ
जिस वक्त डंफर धू-धू कर जल रहा था, उसके ठीक पास में कई अन्य डंफर भी कतार में खड़े थे। अगर आग जरा सी भी फैलती, तो आस-पास खड़ी गाड़ियाँ भी इसकी चपेट में आ जातीं और नुकसान करोड़ों में हो सकता था। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुँचते ही मोर्चा संभाला और पानी की तेज बौछारें मारकर आग को आगे बढ़ने से रोका।
कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
दमकलकर्मियों ने जलते हुए केबिन पर चारों तरफ से पानी डालकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। समय रहते फायर ब्रिगेड की टीम के पहुँचने से न सिर्फ आग बुझाई जा सकी बल्कि एक बहुत बड़ा हादसा होने से बाल-बाल बच गया। आग लगने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है जिसकी जांच की जा रही है। इस त्वरित कार्रवाई के लिए स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग की तत्परता की सराहना की है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने