औरैया। जनपद में मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। जिलाधिकारी बृजेश कुमार के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा आटे में शैलखड़ी (सोप स्टोन) और चावल की मिलावट के संदेह में एक विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारी विजय कुमार श्रीवास ने जिले की विभिन्न आटा मिलों पर औचक छापेमारी कर नमूने लिए और भारी मात्रा में आटा सीज किया।
तीन आटा मिलों पर छापा, हजारों का आटा सीज
अभियान के दौरान टीम ने मिनी इण्डस्ट्रियल एरिया स्थित एक आटा मिल से गेहूं के आटे का नमूना लिया और मौके पर मौजूद 308 किलोग्राम आटा सीज कर दिया, जिसकी अनुमानित कीमत ₹8,932 है। इसके बाद तिलक नगर स्थित आटा मिल से भी गेहूं के आटे का सैंपल लेकर ₹9,240 मूल्य का 308 किलोग्राम आटा जब्त किया गया। टीम ने बेला रोड दिबियापुर स्थित आटा मिल पर भी कार्रवाई की, जहाँ से गेहूं के आटे का नमूना लेने के साथ ही ₹20,242 मूल्य का 698 किलोग्राम आटा सीज किया गया। अधिकारियों ने बताया कि इन तीनों मिलों द्वारा लेबिलिंग, पैकेजिंग और हाइजीन के नियमों का पालन न करने पर इन्हें सुधार नोटिस जारी किया जा रहा है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई होगी।
कोर्ट का कड़ा रुख: 5 कारोबारियों पर ₹2.10 लाख का जुर्माना
मिलावटखोरों पर लगाम कसने के क्रम में माननीय न्यायालय न्याय निर्णयन् अधिकारी/अपर जिला मजिस्ट्रेट (वि0/रा0) औरैया द्वारा बड़ी कार्रवाई की गई है। विभाग द्वारा पूर्व में लिए गए जो नमूने प्रयोगशाला में फेल (मानक के विपरीत) पाए गए थे, उन मामलों की सुनवाई करते हुए एडीएम कोर्ट ने जुलाई 2026 में 5 प्रतिष्ठानों पर कुल ₹2,10,000 (दो लाख दस हजार रुपये) का भारी जुर्माना ठोंका है।
इन प्रतिष्ठानों पर लगा अर्थदंड:
- मैसर्स राधे-राधे स्वीट हाउस (ग्राम बेला रोड, बिधूना): ₹50,000 जुर्माना
- अनमोल डेयरी (बिलावा, अजीतमल): ₹45,000 जुर्माना
- अमित कुमार गुप्ता (सहायल रोड, दिबियापुर): ₹45,000 जुर्माना
- मैसर्स पटवा आटा चक्की (होमगंज, औरैया): ₹35,000 जुर्माना
- मैसर्स लालू शाक्य समोसा भण्डार (कुदरकोट, बिधूना): ₹35,000 जुर्माना
विभाग ने चेतावनी दी है कि यदि तय समय के भीतर इन खाद्य कारोबारियों द्वारा जुर्माने की राशि जमा नहीं की गई, तो नियमानुसार इनके खाद्य लाइसेंस/पंजीकरण तुरंत निलंबित कर दिए जाएंगे।
मोबाइल वैन से हुई त्वरित जांच, 3 सैंपल फेल
अभियान के तहत शासन से प्राप्त 'फूड सेफ्टी ऑन व्हील' (मोबाइल वैन प्रयोगशाला) का संचालन भी खाद्य सुरक्षा अधिकारी विजय कुमार श्रीवास द्वारा किया गया। मोबाइल वैन के जरिए मौके पर ही 14 खाद्य नमूनों की त्वरित जांच की गई, जिसमें से 3 नमूने मानक के विपरीत पाए गए। इन पर संबंधित को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए। साथ ही आमजन और दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा के नियमों के प्रति जागरूक किया गया।




