औरैया : विधूना में कार और ऑटो की भीषण भिड़ंत , एक ही परिवार की तीन महिलाओं समेत पांच गंभीर रूप से घायल

सिराजुद्दीन (मुन्ना) पत्रकार
0

औरैया । बिधूना कोतवाली क्षेत्र के बेला बाईपास रोड पर नुमाइश ग्राउंड के पास गुरुवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया । यहाँ एक तेज रफ्तार कार और ऑटो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में ऑटो सवार एक ही परिवार की तीन महिलाओं और ऑटो चालक समेत कुल पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में हायर सेंटर (रिफर) भेजा गया है।

मोड़ पर हुई आमने-सामने की टक्कर
जानकारी के अनुसार, ऑटो नदी तिराहे की तरफ से आ रहा था। जैसे ही ऑटो नुमाइश ग्राउंड के सामने बेला बाईपास रोड पर मुड़ने लगा, तभी भगत सिंह चौराहे की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उसे सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बिधूना पहुंचाया।
एक ही परिवार के लोग हुए घायल
हादसे में घायल हुए लोग बिधूना के ही निवासी हैं। घायलों में एक ही परिवार की मधु सिंह (48 वर्ष) पत्नी शैलेंद्र सिंह, भूरी देवी (70 वर्ष) पत्नी कुंवर सिंह और श्वेता सिंह (23 वर्ष) पुत्री शैलेंद्र सिंह शामिल हैं। इनके अलावा ऑटो चालक सतेंद्र (32 वर्ष) पुत्र जरनैल सिंह (निवासी मड़ोकमीत) और कार सवार अरविंद पुत्र पदम सिंह (निवासी बिधूना) भी चोटिल हुए हैं।
हायर सेंटर रेफर, पुलिस जांच में जुटी
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधूना के डॉक्टरों ने सभी का प्राथमिक उपचार किया। ऑटो सवार तीनों महिलाओं और चालक सतेंद्र की हालत नाजुक होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए तुरंत हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। प्रभारी निरीक्षक विनेश कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। तहरीर मिलने पर आगे की वैधानिक व कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top