औरैया : चार्ज संभालते ही एक्शन मोड में नजर आए यातायात प्रभारी अख्तर हुसैन , सुभाष चौक पर चेकिंग से मचा हड़कंप

सिराजुद्दीन (मुन्ना) पत्रकार
0

औरैया (ब्यूरो)। जनपद में नवागंतुक यातायात प्रभारी अख्तर हुसैन ने कार्यभार संभालते ही अपनी कड़क कार्यशैली का अहसास करा दिया है। चार्ज लेते ही टीआई सीधे एक्शन मोड में नजर आए और उन्होंने शहर के सबसे व्यस्ततम और प्रमुख चौराहे 'सुभाष चौक' पर भारी पुलिस बल के साथ सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। नए यातायात प्रभारी की इस अचानक हुई बड़ी कार्रवाई से नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया और कई वाहन चालक रास्ते बदलते नजर आए।

नियम मानने से रुकेंगी दुर्घटनाएं: टीआई अख्तर हुसैन 
चेकिंग अभियान के दौरान यातायात प्रभारी अख्तर हुसैन ने जनता से संवाद कर उन्हें जागरूक भी किया। उन्होंने अपील करते हुए कहा, "वाहन चलाते समय सभी लोग अनिवार्य रूप से यातायात नियमों का पालन करें। केवल चालान काट देने से दुर्घटनाओं को नहीं रोका जा सकता। यदि हमें कीमती जानों को बचाना है और हादसों से दूर रहना है, तो खुद जिम्मेदारी उठाते हुए नियमों को अपनी आदत में शुमार करना होगा।" उन्होंने चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने और दो पहिया वाहन चालकों को हेलमेट लगाने और तीन सवारी न बैठने की सख्त हिदायत दी।
व्यापारियों से अपील: फुटपाथ खाली करें, जाम से दिलाएं मुक्ति
सड़क को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए यातायात प्रभारी ने सुभाष चौक और आसपास के व्यापारियों से भी सीधा संपर्क साधा। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे अपनी दुकानों का सामान फुटपाथ पर न फैलाएं। फुटपाथ को पूरी तरह खाली रखा जाए ताकि पैदल चलने वाले राहगीर उस पर सुरक्षित चल सकें। उन्होंने दो टूक कहा कि फुटपाथ खाली रहने से सड़कों पर वाहनों को पर्याप्त जगह मिलेगी और शहरवासियों को रोजाना लगने वाले भीषण जाम की स्थिति से निजात मिल सकेगी।
इस बड़े चेकिंग अभियान के दौरान यातायात प्रभारी के साथ भारी संख्या में ट्रैफिक पुलिसकर्मी और पीआरडी (PRD) के जवान मुस्तैद रहे जिन्होंने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के चालान काटकर सख्त संदेश दिया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top