शहादत को सलाम: सियाचिन में शहीद औरैया के लाल मोहित कुमार की मां को मिली ₹50 लाख की आर्थिक सहायता

सिराजुद्दीन (मुन्ना) पत्रकार
0

औरैया। सियाचिन ग्लेशियर पर 'ऑपरेशन मेघदूत' के दौरान देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले जनपद के वीर सपूत शहीद सिपाही मोहित कुमार की शहादत का उत्तर प्रदेश सरकार ने सम्मान किया है। शासन द्वारा स्वीकृत ₹50 लाख की अनुग्रह आर्थिक सहायता का पत्र जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने शहीद की माता श्रीमती ज्ञानवती को कलेक्ट्रेट कार्यालय में सौंपा।

खाते में भेजी गई सहायता राशि
कंचौसी क्षेत्र के ग्राम जमोली निवासी शहीद मोहित कुमार के परिवार को आर्थिक संबल देने के लिए यह राशि सीधे बैंक खाते में ट्रांसफर की गई है। जिलाधिकारी ने बताया कि स्वीकृत पत्र में अंकित ₹50 लाख की धनराशि भारतीय स्टेट बैंक (SBI), शाखा ककोर, औरैया के माध्यम से शहीद की माता ज्ञानवती के बैंक खाते में आरटीजीएस (RTGS) द्वारा सुरक्षित प्रेषित कर दी गई है।
सरकार शहीदों के परिवारों के साथ: जिलाधिकारी
इस भावुक क्षण पर शहीद के परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों के परिजनों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। शहीदों के आश्रितों को नियमानुसार मिलने वाली आर्थिक सहायता समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जा रही है। यह मदद शहीद परिवार को आर्थिक संबल और सहारा देने की दिशा में सरकार का एक महत्वपूर्ण कदम है। इस दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में मौजूद हर व्यक्ति की आंखें देश के इस वीर सपूत की याद में नम और गौरव से भरी दिखीं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top