कानपुर देहात। मंगलपुर थाना पुलिस ने पीएसी जवान के बंद पड़े मकान में हुई चोरी की घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का अधिकांश सामान, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा नकदी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, झींझक के कैनाल रोड स्थित इंदिरा नगर निवासी रंजना दुबे की तहरीर पर थाना मंगलपुर में मुकदमा संख्या 231/2026 धारा 331(4)/305ए बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। घटना 2 अगस्त की रात बंद पड़े मकान में हुई थी।
![]() |
| पुलिस की पकड़ में खड़ा आरोपी और रखा बरामद समान |
मामले की जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर मंगलवार को मंगलपुर थाना पुलिस ने काशीराम कॉलोनी, लगरथा रोड से अभिषेक दुबे उर्फ प्रदुम्न दुबे (22) निवासी ओमनगर, झींझक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी की वाशिंग मशीन, एलईडी टीवी, एक जोड़ी पायल, नाक की कील, स्टेबलाइजर का तांबे का तार, घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल तथा 300 रुपये नकद बरामद किए गए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की भी बढ़ोतरी की गई है।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने 2 अगस्त की रात कैनाल रोड स्थित बंद मकान में चोरी की थी। चोरी का सामान उसने काशीराम कॉलोनी में छिपाकर रखा था और उसे लेने पहुंचा था, तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने बताया कि मोटरसाइकिल की किस्त भरने के लिए उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध पहले भी चोरी और आर्म्स एक्ट के मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
