औरैया: फफूंद पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म का वांछित आरोपी किया गिरफ्तार, भेजा जेल

सिराजुद्दीन (मुन्ना) पत्रकार-औरैया
0

फफूंद (औरैया)। थाना फफूंद क्षेत्र के अंतर्गत एक गाँव में 11 वर्षीय नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने यह कार्रवाई फफूंद-औरैया मार्ग पर तुर्कीपुर मोड़ से कुछ दूरी पर की, जिसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के एक गाँव के निवासी 60 वर्षीय आरोपी कमलेश बाबू के खिलाफ नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर दी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए फफूंद थाने में मुकदमा अपराध संख्या 316/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 65(2), 333, 351(2), 352, 115(2) तथा पॉक्सो (POCSO) एक्ट की धारा 5(एम)/6 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था। 
मामले को अत्यंत संवेदनशील मानते हुए पुलिस अधीक्षक औरैया अभिषेक भारती के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी अजीतमल के पर्यवेक्षण में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था।
बुधवार, 4 नवंबर को थानाध्यक्ष अजय कुमार के नेतृत्व में फफूंद पुलिस टीम ने दोपहर करीब 1:40 बजे फफूंद-औरैया मार्ग पर घेराबंदी कर आरोपी कमलेश बाबू को धर दबोचा। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अजय कुमार सहित हमराह पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
3/related/default