शिवली कानपुर देहात।
त्यौहारों के मौसम के चलते पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात के निर्देशन में शिवली पुलिस द्वारा अवैध पटाखों और विस्फोटक सामग्रियों के खिलाफ का अभियान शुरू किया है, अभियान के तहत शनिवार की देर रात्रि मुखबिर की सटीक सूचना पर जवाहर नगर कस्बा शिवली स्थित दुकान के बाहर से भारी मात्रा में बिक्री हेतु अवैध रूप से रखे गए 490 किलोग्राम पटाखे बरामद कर पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रकरण दर्ज किया है।
कोतवाल अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि आगामी दीपावली पर्व को सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। अवैध विस्फोटक सामग्री और पटाखों के अवैध भंडारण एवं विक्रय के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत शिवली पुलिस ने कोतवाल के कुशल नेतृत्व में मुखबिर द्वारा मिली सटीक सूचना पर कार्यवाही करते हुए शनिवार रात करीब 10: 45 बजे 460 किलोग्राम पटाखे बिक्री हेतु और खुले में रखे 30 किलोग्राम कुल 490 किलोग्राम अवैध पटाखों के साथ अजय कुमार पुत्र अनिल कुमार गुप्ता निवासी रामनगर शिवली कानपुर देहात को जवाहर नगर कस्बा शिवली स्थित दुकान के बाहर से पुलिस हिरासत में ले लिया।
कोतवाल ने बताया कि बरामद पटाखों को नियमानुसार थाना प्रसार में सुरक्षित स्थान पर रखवा दिया गया है तथा पटाखों का एंटी सबोटाज टीम द्वारा परीक्षण करने हेतु सूचित कर दिया गया है। शिवली पुलिस की इस कार्यवाही से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने इस मामले में प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कोतवाल अमरेंद्र बहादुर सिंह ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध लाइसेंस के पटाखों का भंडारण या विक्रय करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कस्बा प्रभारी अच्छेलाल पाल, का0 अभिषेक कुमार, रवि कुमार, शिवानी, पुष्पेंद्र आदि सम्मिलित रहे।

