शिवली कानपुर देहात।
दीपावली के त्योहारी सीजन के मद्देनजर उपजिलाधिकारी मैंथा ने प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस बल के साथ पटाखा दुकानों और गोदामों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने पटाखों की अस्थाई दुकानें और बाजार केवल प्रशासन द्वारा तय किए गए खुले मैदानों या सुरक्षित स्थानों पर ही लगाने के निर्देश दिए तथा प्रत्येक दुकान पर आग से बचाव के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी, सूखी रेत से भरे जार और अग्निशमन यंत्र रखना अनिवार्य किया गया।
दीपावली त्यौहार के मद्देनजर उपजिलाधिकारी मैंथा प्रतिभा मिश्रा ने तहसील मैंथा क्षेत्र का भ्रमण किया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने मैंथा तथा बाघपुर में स्थित पटाखा दुकान में दुकानदारों को सख्त निर्देश दिया कि बिना वैध लाइसेंस या अनुमति के पटाखा बेचने वालों पर सख्त कार्रवाई और लाइसेंस रद्द करने की चेतावनी दी। गोदामों और दुकानों पर पटाखों के उचित रखरखाव, विद्युत सुरक्षा फिटिंग और ज्वलनशील पदार्थों से दूरी रखने के निर्देश दिए। लाइसेंसी पटाखा की दुकान के निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने दुकानदार को निर्देशित किया कि अधिक विस्फोटक पटाखा और नाबालिग से बिक्री नहीं करें। उन्होंने कहा कि मैंथा तहसील क्षेत्र में कहीं भी पटाखा भंडारण नहीं होगा। अवैध पटाखा बिक्री या भंडारण करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी ने आम जनमानस से सहयोग की अपील करते हुए सुरक्षित दिवाली मनाने का संदेश दिया। उन्होंने दिवाली के दौरान पटाखों की दुकानें केवल चिह्नित स्थलों पर लगाने के निर्देश दिए, साथ ही यदि कहीं अवैध पटाखा बिक्री या भंडारण हो रहा हो तो आमजन ऐसे व्यक्तियों की सूचना जिला प्रशासन को दे सकता है। इससे संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके। इस दौरान तहसीलदार संतोष कुमार, बाघपुर चौकी प्रभारी अरविंद मिश्रा, मैंथा चौकी प्रभारी प्रवीण मिश्रा मौजूद रहे।

