योगेंद्र गुप्ता अजीतमल (औरैया)। कस्बे के जनता महाविद्यालय परिसर में बुधवार को आयोजित अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में देश के विभिन्न हिस्सों से आए कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। हास्य-व्यंग्य की रचनाओं ने जहां लोगों को ठहाके लगाने पर मजबूर किया, वहीं श्रृंगार, ओज और भावपूर्ण काव्य पाठ ने खूब तालियां बटोरीं। कानपुर से आईं कवयित्री रचना त्रिपाठी की रचना ‘सांझा चूल्हा भी था, सांझा अम्मा भी थी’ ने विशेष वाहवाही लूटी। देर रात तक श्रोता पंडाल में डटे रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष सुनील दुबे और मंत्री उत्तम कुमार दुबे ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनता महाविद्यालय के एसोसिएट प्रोफेसर प्रदेश के योगी सरकार के विधायक दल की सदस्य डॉ. मनोज कुमार प्रजापति को आयोजन समिति के डॉ. योगेश साहू, डॉ. पदम नारायण, अशोक दिवाकर और आकाश त्रिपाठी ने माल्यार्पण कर तथा प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
काव्य पाठ का शुभारंभ आगरा से आईं कवयित्री ममता वाणी ने सरस्वती वंदना से किया। इसके बाद उन्होंने अपनी रचनाओं के माध्यम से श्रोताओं को भावविभोर किया। उनकी पंक्तियां ‘स्वार्थ की चाहत में परिवार बदल जाते हैं’ और ‘प्यार कर लो हमें, हम संवर जाएंगे’ को श्रोताओं ने सराहा।
औरैया से आईं कवयित्री गीता चतुर्वेदी ने अपनी रचना ‘अहम के पर्वतों को फिर उठाओ देवकीनंदन, व्यथा है बांसुरी को फिर बजाओ देवकीनंदन’ के माध्यम से भावपूर्ण काव्य पाठ किया।
रीवा, मध्य प्रदेश से आए कवि नारायण माखन ने अपनी ओजपूर्ण रचनाओं से माहौल में जोश भर दिया। उनकी पंक्तियां ‘खुल्ला खाते गर गरीब की रोटी उन मक्कारों को, है हिम्मत तो मारो तुम इन देशी गद्दारों को’ सुनकर श्रोताओं ने तालियों से समर्थन किया।
कानपुर से आईं कवयित्री रचना त्रिपाठी ने अपनी चर्चित रचना ‘सांझा चूल्हा भी था, सांझा अम्मा भी थी, सांझा दूल्हा भी था...’ के माध्यम से गांव की पुरानी सामाजिक और पारिवारिक परंपराओं की याद दिलाई। ‘मेरे गांव की वो पगडंडी’ जैसी भावपूर्ण अभिव्यक्तियों ने भी श्रोताओं को खूब प्रभावित किया।
झांसी से आए कवि हरनाथ सिंह चौहान ने हास्य-व्यंग्य के जरिए श्रोताओं को खूब गुदगुदाया। उन्होंने कहा कि हास्य हंसाता है, जबकि व्यंग्य सोचने पर मजबूर करता है। उनकी रचना ‘बागान की कोयलिया बागान में न कूके, तो कूके किहै’ तथा ‘गइयों को हरी घास, बहुओं को सीधी सास’ सुनकर पंडाल ठहाकों से गूंज उठा।
फिरोजाबाद से आए अंतरराष्ट्रीय कवि यशपाल सिंह ‘यस’ ने अपने गीतों से खूब तालियां बटोरीं। उन्होंने ‘गीत लिखना व गाना अलग बात है, बेवजह गुनगुनाना अलग बात है’ जैसी पंक्तियों के माध्यम से अपनी काव्य प्रतिभा का परिचय दिया। उनकी अन्य रचनाओं में सद्भाव और सामाजिक सरोकारों की झलक देखने को मिली।
जालौन से आए रचनाकार अंचल शर्मा ने श्रृंगार रस की रचनाओं से श्रोताओं को भावविभोर किया। उनकी पंक्तियां ‘विधि ने कैसी रीति बनाई, सब हैं पराए, दूर रघुराई, प्रभु आएंगे, आस लगी है’ को सराहना मिली।
बुंदेलखंड के चरखारी से आए कवि प्रदीप दिहुलिया ने अपनी रचना के माध्यम से बदलते सामाजिक व्यवहार और स्वार्थ पर कटाक्ष किया। उनकी पंक्तियां ‘तू जिसकी मुश्किलें आसान करने में लगा है, वही बंदा तेरा नुकसान करने में लगा है’ तथा ‘मेरे हटते ही जी भर गालियां देगा मुझे वो, अभी जो सामने गुणगान करने में लगा है’ ने श्रोताओं को खूब प्रभावित किया।
कवयित्री ऋतु चतुर्वेदी ने अपनी प्रेरणादायी रचना के माध्यम से जीवन में निरंतर आगे बढ़ने का संदेश दिया। उनकी पंक्तियां ‘जहां ठहरा हुआ जल हो, किसी को भी नहीं भाता, बुझाने प्यास उस जल से कभी कोई नहीं आता। अगर आगे निकलना है तो दरिया बनके बह जाना, कभी भी झील का पानी समंदर तक नहीं जाता’ को श्रोताओं ने खूब सराहा।
वहीं, कवि रोहित चौधरी ने वीर रस की रचनाओं से श्रोताओं में उत्साह और जोश का संचार किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन रायबरेली से आए कवि नीरज पांडेय ने किया। उन्होंने अपने संचालन के साथ काव्य पाठ से भी श्रोताओं की खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम में देर रात तक श्रोता काव्य रस का आनंद लेते रहे। अंत में आयोजकों ने आमंत्रित कवियों और उपस्थित श्रोताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।












