शिवली कानपुर देहात।
कोतवाली शिवली क्षेत्र के सबलपुर बिठूर गांव में पुरानी रंजिश के चलते दबंगों ने बुधवार रात धावा बोल मां बेटी की जमकर धुनाई कर दी। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू की है।
अंजली देवी पुत्री स्वर्गीय राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि उसके पड़ोसी अवधेश से उसकी पुरानी रंजिश चली आ रही है। बुधवार रात करीब 8 बजे वह अपनी मां ललिता देवी के साथ अपने दरवाजे पर बैठी थी तभी उसके पड़ोसी अवधेश अपने भाई ताराचंद, आकाश बाबू व सूरज के साथ उसके दरवाजे पर चढ़ आये और गाली गलौज करने लगे। उसकी मां ने गाली देने का विरोध किया तो चारों ने उसकी मां से मारपीट शुरू कर दी। मां की चीख पुकार सुनकर जब वह उन्हें बचाने गई तो दबंगों ने उसे भी मारपीट कर घायल कर दिया।
कोतवाल अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि घायल मां बेटी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन की जा रही है।

