ब्यूरो कानपुर देहात।
रूरा थाना क्षेत्र के मझपतियां गांव में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को हिला कर रख दिया। तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक बुजुर्ग की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम छा गया और दिवाली की खुशियां मातम में तब्दील हो गईं। मृतक की पहचान रामशंकर राठौर, निवासी मझपतियां के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सोमवार को गांव में दिवाली की खुशी का माहौल था। लोग एक-दूसरे को बधाई दे रहे थे, घरों में दीप जल रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक कार ने रामशंकर राठौर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बुजुर्ग ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। परिजन दौड़कर मौके पर पहुंचे। रामशंकर को खून से लथपथ देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव के लोग भी मौके पर जमा हो गए। दिवाली मनाने वाला गांव कुछ ही पल में शोक में डूब गया।
सूचना पर रूरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कार समेत चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। दिवाली के दिन घर के बुजुर्ग की मौत से पूरा परिवार सदमे में है। गांव के लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर रोक लगाने की मांग की है।

