औरैया । अछल्दा थाना परिसर में शुक्रवार शाम को थानाध्यक्ष सुरेशचंद्र सिंह की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराना था।
बैठक के दौरान श्रावण मास, बारावफात और अन्य आगामी पर्वों के मद्देनजर क्षेत्र में शांति, आपसी सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखने पर विस्तृत चर्चा की गई। थानाध्यक्ष सुरेशचंद्र सिंह ने उपस्थित नागरिकों से आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की। उन्होंने लोगों को अफवाहों और सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न देने की सलाह दी। साथ ही कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या कानून-व्यवस्था से जुड़ी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि सभी त्योहार सकुशल संपन्न हो सकें। इस अवसर पर पुलिस स्टाफ सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।


