विशेष संवाददाता औरैया । अगस्त क्रांति में 12 अगस्त 1942 को औरैया तहसील भवन पर तिरंगा फहराने के प्रयास में शहीद हुए औरैया के छह शहीदों को आज समारोह पूर्वक श्रद्धांजलि अर्पित की गयी। इस अवसर पर शहीद स्मारक समिति औरैया के तत्वावधान श्री संकट मोचन धर्मशाला से प्रातः 10 बजे जुलूस निकाला गया जिसमें बड़ी संख्या में छात्रों व नगर गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। जुलूस 1942 के घटनास्थल तहसील भवन पर पहुंचा जहां शहीदों की स्मृति में शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की गयी। इस अवसर पर शहीद पार्क में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।जुलूस तहसील से शहीद पार्क पहुंचा जहां भारत माता, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व काकोरी कांड व मैनपुरी षड़यंत्र के के नायक महान क्रांतिकारी भारतवीर मुकुन्दीलाल गुप्ता की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गयी।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी सदर ब्रम्हानंद ने कहा कि अगणित बलिदानों के बाद हमें आजादी मिली है। आजादी की लड़ाई लड़ रहे भारत के महान सपूतों ने निस्वार्थ भाव से अपना सर्वस्व देश पर निछावर कर दिया व बदले में कुछ भी नहीं चाहा। उन्होंने महात्मा गांधी द्वारा आजाद भारत में कोई भी पद न स्वीकारने का जिक्र किया। उपजिलाधिकारी ने महान सेनानी कृष्ण बलदेव शर्मा की पुत्रवधू को प्रधानमंत्री आवास योजना से आवास स्वीकृत कराने व शहीद सुल्तान खां के दिल्ली से आये पौत्र को आश्रित प्रमाणपत्र बनवाने का आश्वासन भी दिया।
सभा की अध्यक्षता कर रहे नगरपालिका अध्यक्ष अनूप गुप्ता ने आजादी के आन्दोलन में शहीद हुए औरैया के शहीदों समेत देशभर के बलिदानियों को श्रद्धांजलि देते हुए सभी से देश की एकता,अखंडता व स्वतन्त्रता को बनायें रखने व शहीदों के सपनों का भारत निर्माण मिलकर करने की अपील की समारोह को भारत विकास परिषद के प्रांतीय मंत्री डा रमेश शुक्ला,शहीद स्मारक समिति अध्यक्ष पूर्व सभासद बृजकिशोर पांडे,पदाधिकारी वरिष्ठ पत्रकार आनन्द कुशवाहा, ज्ञानेन्द्र दुबे एड,आबिद अख्तर, स्वतन्त्रता सेनानी आश्रित संघ जिलाध्यक्ष राजेश यादव,पूर्व सभासद रामू पेंटर, त्रिलोकी नाथ गुप्ता, अरुण कुमार त्रिपाठी पूर्व प्रधानाचार्य आदि ने संबोधित कर औरैया के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए 12 अगस्त 1942 के शहीदों मंगली प्रसाद, भूरेलाल, बाबूराम, सुल्तान खां, दर्शन लाल, कल्याण चन्द्र को श्रद्धांजलि अर्पित की। समारोह का संचालन समिति के प्रवीण गुप्त ने किया।
इस अवसर पर स्वतन्त्रता सेनानी व शहीदों के परिवारीजनों को शाल चढ़ाकर सम्मानित किया गया। इसके पूर्व प्रातः शहीद स्मारक समिति पदाधिकारी गणों ने नगर के विभिन्न स्थलों पर स्थापित नेताजी सुभाषचंद्र बोस,पं गेंदालाल दीक्षित,छुन्नूलाल सक्सेना की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। समारोह में तिलक महाविद्यालय के एनसीसी कैडेट्स के अलावा तिलक इंटर कालेज, सरस्वती विद्यामंदिर के छात्र छात्राओं के साथ अनिल सेंगर, शिवकिशोर त्रिपाठी,दिलीप गुप्ता, गिरीश सिकरवार, प्रेमशंकर अवस्थी, सौमेद्र दुबे एडवोकेट ,प्रेमचन्द्र गुप्ता,कृष्ण चन्द्र गोयल,राम आसरे गुप्ता संदीप चक,सभासद राजेन्द्र बाजपेयी,छैया त्रिपाठी, विवेक पोरवाल, कुल्लन नेता,अनवार, विनोद यादव कल्लू, ओमित कुमार विक्की, राशिद, सागर पोरवाल, अशोक त्रिवेदी, शेखर गुप्ता, अरविंद बाजपेयी, मृत्यंजय वर्मा लाली, संपादक राधेश्याम शुक्ला, पत्रकार अनिल राजपूत, हरीओम तिवारी, जितेन्द्र यादव, शायर अयाज अहमद अयाज समेत बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।


