औरैया: महिला से चेन स्नैचिंग करने वाला शातिर बदमाश गिरफ्तार , तमंचा, नकदी और बाइक बरामद ,साथी फरार

औरैया (ब्यूरो)। कोतवाली पुलिस और एसओजी (SOG) टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मिहौली पुल के पास महिला से हुई चेन स्नैचिंग की घटना का सफल खुलासा किया है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका एक साथी पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहा। गिरफ्तार आरोपी के पास से अवैध असलहा, कारतूस, बाइक और नकदी बरामद हुई है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।

चेकिंग के दौरान पुलिस को देख भागे बदमाश
पुलिस अधीक्षक (SP) अभिषेक भारती ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि मिहौली पुल के पास एक महिला से सोने की चेन छीनने की वारदात हुई थी। इस घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम लगातार संदिग्धों की तलाश और चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस को देवकली तिराहे पर बिना नंबर प्लेट की अपाचे मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया, तो दोनों बाइक मोड़कर तेजी से भागने लगे। भागने के प्रयास में हड़बड़ाहट के कारण उनकी बाइक फिसलकर गिर गई। [1]
एक आरोपी दबोचा, अवैध हथियार और नकदी बरामद
मोटरसाइकिल फिसलने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी करके मौके से एक आरोपी को दबोच लिया, जिसकी पहचान ज्ञानेन्द्र उर्फ साहिल के रूप में हुई है। वहीं उसका दूसरा साथी अंधेरे और मौके का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी ज्ञानेन्द्र के कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस, बिना नंबर की अपाचे बाइक और 15,150 रुपये नकद बरामद किए हैं।
कानपुर में बेची थी लूटी गई चेन
कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने अपने साथी के साथ मिलकर महिला से चेन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी ने बताया कि छीनी गई सोने की चेन को उन्होंने कानपुर में बेच दिया था, जिससे मिले रुपयों को उन्होंने आपस में बांट लिया था। बरामद नकदी उसी चेन को बेचने से मिली रकम का हिस्सा है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं, उसे भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने