योगेंद्र गुप्ता अजीतमल (औरैया)। बाबरपुर कस्बे की सब्जी मंडी परिसर में मंगलवार को भारतीय स्वदेशी उद्योग व्यापार मंडल के तत्वावधान में व्यापारी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में व्यापारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। अतिथियों ने व्यापारियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि व्यापार केवल रोजी-रोटी का माध्यम नहीं, बल्कि देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का महत्वपूर्ण आधार है।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त पुलिस उपमहानिरीक्षक हरीश कुमार एवं उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व राज्य मंत्री लाखन सिंह राजपूत ने मंच पर स्थापित व्यापारियों के आराध्य भगवान कुबेर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। इसके बाद संगठन के जिलाध्यक्ष रवि वर्मा, अंकुर दुबे, अंकित पोरवाल, आमिर सोहेल, हर्षित पोरवाल, राजकुमार गुप्ता एवं कार्यक्रम संचालक दीपू वर्मा सहित आयोजकों ने अतिथियों का माल्यार्पण, शॉल ओढ़ाकर एवं प्रतीक चिह्न भेंट कर स्वागत किया।
समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व पुलिस उपमहानिरीक्षक हरीश कुमार ने कहा कि व्यापारी समाज का महत्वपूर्ण सेवक है। व्यापारी और पुलिस विभाग के बीच बेहतर सामंजस्य एवं सहयोग हो तो बड़ी से बड़ी समस्याओं का समाधान आसानी से किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि व्यापारी साहस और संयम के साथ विभिन्न जोखिम उठाकर समाज के प्रत्येक वर्ग की जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से व्यापारियों के हित में व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना, व्यापारी स्वरोजगार ऋण योजना और विश्वकर्मा सम्मान योजना सहित कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ लेकर व्यापारी अपने कारोबार को आगे बढ़ा सकते हैं।
पूर्व राज्यमंत्री लाखन सिंह राजपूत ने कहा कि सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में व्यापारी समाज की भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण रही है। व्यापारी न केवल बाजार और अर्थव्यवस्था को गति देते हैं, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हैं। उन्होंने व्यापारियों को समाज की मजबूत कड़ी बताया। इस दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता प्रेम कुमार गुप्ता, पूर्व चेयरमैन मदनलाल पोरवाल, महावीर सिंह राजपूत सहित अन्य अतिथियों ने भी व्यापारियों के योगदान पर अपने विचार व्यक्त किए।
समारोह के अंत में अतिथियों ने नगर के वरिष्ठ व्यापारियों को प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। सम्मान पाकर व्यापारियों में उत्साह दिखाई दिया। कार्यक्रम में व्यापारी समाज की मातृशक्ति सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।



