ब्यूरो कानपुर देहात।
जिलाधिकारियों के सख्त आदेश पर जनपद कानपुर देहात में मंगलवार को उपजिलाधिकारी सिकन्दरा, प्रशासनिक और परिवहन तथा खनन विभागों की संयुक्त टीमों द्वारा ओवरलोड, अपूर्ण परिवहन प्रपत्र और बिना रॉयल्टी वाहनों के खिलाफ ताबड़तोड़ अभियान चलाकर भारी जुर्माना किया गया और नियमों का उल्लंघन करने वाले दर्जनों ट्रकों व डंपरों को थाना सिकन्दरा में जिलाधिकारी महोदय, कानपुर देहात के अग्रिम आदेश तक के लिए निरूद्ध किया गया।
जिलाधिकारी कानपुर देहात कपिल सिंह के निर्देश पर मंगलवार को उपजिलाधिकारी सिकन्दरा, सहायक सम्भागीय अधिकारी, यात्री कर अधिकारी एवं खान अधिकारी कानपुर देहात की संयुक्त टीम / टास्कफोर्स द्वारा तहसील सिकन्दरा अन्तर्गत गोपाल ढाबा, ओमी ढाबा में खडे बिना रायल्टी/बिना वैद्य परिवहन प्रपत्र /ओवरलोडिंग में 31 वाहनों पर लगभग 20 लाख का जुर्माना करते हुए, उक्त वाहनों को थाना सिकन्दरा में जिलाधिकारी महोदय कानपुर देहात के अग्रिम आदेश तक के लिए निरूद्ध किया गया। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को कड़ी चेतावनी भी दी गई है।
उपजिलाधिकारी सिकंदरा ने बताया कि नियम तोड़ने वाले ट्रांसपोर्टरों और वाहन चालकों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत लाखों रुपये का शमन शुल्क (जुर्माना) लगाया गया। सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और हादसों पर अंकुश लगाने के लिए अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि ओवरलोडिंग के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



