शिवली कानपुर देहात।
कोतवाली क्षेत्र के कैरानी गांव में शनिवार को एक हृदय विदारक घटना सामने आई। बेटे की आकस्मिक मृत्यु के बाद मानसिक रूप से पूरी तरह टूट चुकी मां, अपनों के समझाने के बावजूद इस भारी दुख को बर्दाश्त नहीं कर सकी और दिल्ली हावड़ा रेलवे लाइन पर मैंथा रेलवे स्टेशन के पास गांव के ही सामने महिला ने ट्रेन के आगे छलांग लगा आत्महत्या कर ली। पुत्र की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कैरानी गांव निवासी स्वर्गीय शिव प्रकाश यादव के बड़े पुत्र संतोष की डेढ़ वर्ष पूर्व दिल्ली हावड़ा रेलवे लाइन पर अपने गांव के ही सामने रेलवे ट्रैक पर करते समय, ट्रेन की की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई थी। तब से उसकी मां राम बेटी परेशान रहती थी। 8 वर्ष पूर्व पति शिव प्रकाश यादव की मौत हो जाने के बाद राम बेटी अपने बड़े पुत्र संतोष व भूपेंद्र के साथ रहकर अपना जीवन यापन कर रही थी। डेढ़ वर्ष पूर्व ट्रेन से कटकर संतोष की हुई मौत से वह बेहद परेशान रहा करती थी। शनिवार को करीब एक बजे वह दिल्ली हावड़ा रेलवे लाइन पर अपने गांव के सामने पहुंची और कानपुर से दिल्ली जा रही ट्रेन के आगे छलांग लगा आत्महत्या कर ली। घटना के करीब 1 घंटे बाद रेलवे लाइन पर छत विछत शव पड़ा देख वहां लोगों की भीड़ जुट गई। आसपास के गांवों में यह घटना जंगल में आग की तरह फैल गई। घटना सुन उसका पुत्र भूपेंद्र भी घटनास्थल पर गया लेकिन उसे क्या पता था कि जिसको वह देखने जा रहा है वह शव उसकी अपनी ही मां 52 वर्षीय राम बेटी का है। भूपेंद्र ने शव की पहचान की तथा पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर मैंथा चौकी प्रभारी प्रवीण कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि पुत्र की सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
