शिवली: छात्राओं ने पुलिसकर्मियों को बांधी राखी, कोतवाल ने छात्राओं का उत्साहपूर्वक किया स्वागत

ब्यूरो कानपुर देहात राहुल मिश्रा
0


शिवली कानपुर देहात।


कोतवाली शिवली में रक्षाबंधन पर्व के एक दिन पूर्व सांई किड्स एकेडमी, बड़ा गांव औनाहाँ की छात्राओं ने गुरुवार को एक अनूठी पहल की। छात्राओं ने शिवली थाने पहुंचकर वहां तैनात पुलिसकर्मियों की कलाई पर राखी बांधी। पुलिसकर्मियों ने भी छात्राओं का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। छात्राओं ने पुलिसकर्मियों की कलाई पर राखी बांधते हुए उनके स्वस्थ, सुखी और दीर्घायु जीवन की कामना की। इस दौरान छात्राओं ने कोतवाल अमरेंद्र बहादुर सिंह को भी राखी बांधी।



               छात्राओं ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि पुलिसकर्मी समाज की सुरक्षा के लिए दिन-रात अपनी ड्यूटी निभाते हैं। त्योहारों के दौरान भी उनकी ड्यूटी लगी रहती है, जिसके कारण कई बार वे अपने परिवार और बहनों के साथ रक्षाबंधन का पर्व नहीं मना पाते। छात्राओं ने थाना प्रभारी अमरेंद्र बहादुर सिंह, क्राइम प्रभारी शीलेन्द्र यादव, सब इंस्पेक्टर आनंद पांडे, विजय कुमार, अच्छेलाल यादव एवं सिपाही मनीष तिवारी, रवि, मोहित, शिवानी सहित वहां मौजूद सभी पुलिस अधिकारियों, महिला और पुरुष सहकर्मियों की कलाई पर रक्षासूत्र (राखी) बांधा। इस दौरान थाना परिसर में भाई-बहन के स्नेह और अपनत्व का भाव देखने को मिला। स्कूल प्रबंधक अर्पिता पांडे ने इस पहल के बारे में बताया कि पुलिसकर्मी कानून व्यवस्था बनाए रखने और लोगों की सुरक्षा के लिए लगातार अपनी जिम्मेदारियां निभाते हैं। त्योहारों पर भी उन्हें छुट्टी नहीं मिल पाती और कई पुलिसकर्मी अपने घर नहीं जा पाते। ऐसे में स्कूल की छात्राओं ने यह सुनिश्चित करने के उद्देश्य से थाना पहुंचकर उन्हें रक्षासूत्र बांधा कि उनकी कलाई सूनी न रहे। रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का पर्व नहीं, बल्कि आपसी स्नेह, सम्मान और सुरक्षा की भावना को मजबूत करने का अवसर भी है।

छात्राओं के इस प्रयास की पुलिसकर्मियों ने सराहना की और इसे समाज की बेटियों द्वारा उनके लिए एक भावनात्मक और यादगार पल बताया। इस आयोजन से भाई-बहन के प्रेम के साथ पुलिस और समाज के बीच आपसी विश्वास एवं आत्मीयता का संदेश भी प्रसारित हुआ।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
3/related/default