शिवली कानपुर देहात।
सावन के पहले सोमवार की तुलना में दूसरे सोमवार पर कांवड़ियों की संख्या काफी अधिक होने की संभावना है क्योंकि सावन की शुरुआत में पंचक होने के कारण कांवड़ यात्रा का दबाव कम था। पंचक समाप्त होने के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगाजल लेकर शिवालयों में अर्पण करेंगे। रसूलाबाद स्थित धर्मगढ़ बाबा, बनीपारा स्थित बाणेश्वर महादेव मंदिर तथा शिवली स्थित जागेश्वर महादेव मंदिर पर भक्तों द्वारा कांवड़ यात्रा निकाल खेरेश्वर घाट तथा बिठूर से गंगा जल लाने के लिए निकलने वाले शिव भक्तों की सुरक्षा को लेकर रूट डायवर्जन करने के लिए शिवली पुलिस सड़क पर उतरी और शिवली से चौबेपुर जाने वाले वाहनों को शिवली-कल्याणपुर मार्ग से होकर गंतव्य की ओर रवाना किया।
धर्मगढ़ बाबा, बाणेश्वर महादेव तथा जागेश्वर धाम पर श्रावण मास के प्रत्येक सोमवार को जलाभिषेक करने के लिए भारी संख्या में शिवभक्त रसूलाबाद,बनीपारा तथा शिवली क्षेत्र से कांवड़ यात्रा निकाल खेरेश्वर घाट शिवराजपुर तथा बिठूर में स्थित ब्रह्मावर्त घाट पहुंच स्नान करने के पश्चात गंगा जल लाकर भूत-भावन भगवान शंकर का जलाभिषेक करते हैं। पैदल कांवड़ यात्रा लेकर निकलने वाले कांवड़ियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडे के निर्देशन पर शिवली कोतवाल अमरेंद्र बहादुर सिंह ने पुलिस बल के साथ रविवार दोपहर तीन बजे कोतवाली तिराहे पर वाहन चेकिंग लगा शिवली कानपुर बिधूना राष्ट्रीय राजमार्ग से चौबेपुर जाने वाले वाहनों को शिवली कल्याणपुर मार्ग से होते हुए निकाला जा रहा है। भारी वाहनों को कावड़ यात्रा मार्ग में प्रवेश से रोककर वैकल्पिक मार्गों पर भेजा है। पुलिसकर्मियों को प्रमुख चौराहों और मार्गों पर तैनात किया गया है। इससे कांवड़ियों की आवाजाही के दौरान कोई परेशानी नहीं होगी।
कोतवाल अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि सोमवार शाम तक इसी तरह से रुट डायवर्जन रखा जायेगा जिससे कांवड़ लेकर जाने वाले शिव भक्तों को कोई भी असुविधा उत्पन्न न हो सके।
