औरैया: तालाब की सफाई न होने से घरों में घुस रहे सांप, दहशत में ग्रामीण, लाखों का कूड़ा निस्तारण केंद्र बना सफेद हाथी, अमृत सरोवर का वाटर कूलर खराब, ग्रामीणों ने की जांच की मांग, विकास खंड भाग्यनगर की ग्राम पंचायत खानपुर फफूंद का हाल

सिराजुद्दीन (मुन्ना) पत्रकार-औरैया
0

 फफूंद (औरैया)। विकासखंड भाग्यनगर की ग्राम पंचायत खानपुर फफूंद के मजरा 'जसा का पुर्वा' में सरकारी दावों और जमीनी हकीकत का एक चौंकाने वाला अंतर सामने आया है। यहाँ स्वच्छता अभियान की धज्जियां उड़ती साफ देखी जा सकती हैं। गाँव में स्थित सरकारी तालाब की वर्षों से सफाई न होने के कारण उसमें जहरीले जीव-जंतुओं और सांपों का बसेरा हो गया है। अब ये सांप तालाब से निकलकर सीधे ग्रामीणों के घरों में घुस रहे हैं, जिससे पूरे इलाके में भारी दहशत का माहौल व्याप्त है।

ग्रामीणों ने अपना दर्द बयां करते हुए बताया कि पिछले पांच वर्षों में इस पुर्वे में कोई विकास कार्य नहीं हुआ है। सड़कों पर बहता गंदा पानी, बजबजाती नालियां और जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर इस बदहाली की गवाही दे रहे हैं।
लाखों का कूड़ा निस्तारण केंद्र बना 'सफेद हाथी'
ग्रामीणों का गंभीर आरोप है कि पंचायत में लाखों रुपये की सरकारी लागत से बना 'कूड़ा निस्तारण केंद्र' भ्रष्टाचार और लापरवाही की भेंट चढ़ चुका है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद से आज तक इस केंद्र का ताला नहीं खोला गया है और न ही किसी जिम्मेदार अधिकारी ने इसकी सुध ली है। कागजों में इसे संचालित दिखाकर वाहवाही लूटी जा रही है, जबकि हकीकत में केंद्र परिसर बड़ी-बड़ी घास से पटा पड़ा है।
अमृत सरोवर का वाटर कूलर खराब, पसरा रहता है अंधेरा
स्वच्छता और ग्रामीणों को बेहतर माहौल देने के नाम पर लाखों रुपये खर्च करके 'अमृत सरोवर' का निर्माण तो कराया गया था, लेकिन देखरेख के अभाव में इसकी स्थिति दयनीय हो चुकी है। परिसर में ग्रामीणों के लिए लगाया गया वाटर कूलर लंबे समय से खराब पड़ा है, जिससे लोग प्यास बुझाने के लिए तरस रहे हैं। वहीं, सरोवर को रोशन करने के लिए लगाई गई स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं, जिसके कारण रात के समय यहाँ पूरी तरह अंधेरा पसरा रहता है। चारों तरफ फैली गंदगी इस सरोवर की व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़ी कर रही है।
सफाई कर्मी नदारद, ग्रामीणों ने की जांच की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि गाँव में तैनात सफाई कर्मी नियमित रूप से अपनी ड्यूटी पर नहीं आता है। इसके कारण नालियां पूरी तरह चोक हैं और रास्तों पर गंदगी का अंबार लगा हुआ है। अधिकारियों की इस घोर उदासीनता से नाराज देवी नंदन, मोतीलाल, शिव कुमार, सुरेश कुमार, राम स्वरूप और जगदीश राजपूत आदि ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने ठप पड़े कूड़ा निस्तारण केंद्र को तुरंत चालू करवाने, अमृत सरोवर की व्यवस्था दुरुस्त करने और तालाब की अविलंब सफाई कराने की गुहार लगाई है।
अधिकारी का वक्तव्य:
इस संबंध में जब खंड विकास अधिकारी भाग्यनगर से बात की गई, तो उन्होंने मामले को संज्ञान में लेते हुए कहा कि पूरे प्रकरण की जांच करवाई जाएगी और जल्द से जल्द आवश्यक कार्य करवाकर व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा।
                                   ग्रामीण शिवम राजपूत 
         सफाई न होने से तालाब में जल कुंभी और सांपों का डेरा

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
3/related/default