शिवली कानपुर देहात।
ज्योति गांव से दूध डालने कल्याणपुर गया एक व्यापारी युवक संदिग्ध परिस्थितियों में तीन दिन पहले लापता हो गया। संभावित स्थानों पर काफी खोजबीन के बाद भी जब युवक का कहीं भी कुछ पता नहीं चला तो स्वजनों ने युवक के लापता होने की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज करते हुए मामले की गहन जांच शुरू कर दी है और व्यापारी की तलाश में संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही है।
कोतवाली क्षेत्र के ज्योति गांव निवासी अतुल अवस्थी ने बताया कि करीब दो पीढ़ियों से उसके यहां दूध का व्यापार होता है। उसका चचेरा भाई 27 वर्षीय शनि अवस्थी पुत्र सर्वेश अवस्थी भी दूध का व्यापार करता है और प्रतिदिन की भांति सोमवार की सुबह दूध बांटने हेतु घर से निकला था। शनि सोमवार की करीब सुबह करीब 10 बजे महिला होटल कल्याणपुर स्थित तिवारी दूध डेयरी में दूध डालने पहुंचा और वहां से ₹ 13 हजार लेकर अपनी बुआ अनुपम निवासी बारह सिरोही दुर्गा मंदिर के घर पहुंचा और थोड़ी देर रुकने के बाद बुआ के यहां से भी ₹ 10 हजार लेकर चला आया। शाम करीब छः बजे शनि जब घर न पहुंचा तो मां शशि अवस्थी ने शनि से मोबाइल पर बात की, शनि ने माँ से बताया कि आज वह रात में घर नहीं आएगा यही कानपुर रुक जाएगा। रात बीत जाने के बाद दूसरे दिन भी जब शनि घर ना पहुंचा तो स्वजनों की चिंताएं बढ़ने लगी और माँ बेहाल हो गई। परिजनों ने संभावित स्थानों पर जानकारी की लेकिन शनि का कहीं कुछ पता नहीं चला। शनि का मोबाइल फोन भी बंद बताते लगा। परेशान परिजनों ने शनि के लापता होने की जानकारी कल्याणपुर थाना पुलिस दी। मामले को दर्ज करते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
कल्याणपुर थाना प्रभारी कौशल किशोर तिवारी ने बताया कि स्वजनों की तहरीर पर मामला पंजीकृत करते हुए लापता दूध व्यापारी की तलाश की जा रही है।

