औरैया: रोजगार मेले में 279 युवक-युवतियों का विभिन्न कंपनियों में हुआ चयन, जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया रोजगार मेले का शुभारंभ, 15 कंपनियों ने किया प्रतिभाग

सिराजुद्दीन (मुन्ना) पत्रकार-औरैया
0

औरैया। जिला सेवायोजन कार्यालय, औरैया द्वारा जनपद के बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), अजीतमल में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। रोजगार मेले का शुभारंभ जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया।

रोजगार मेले में विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों एवं नियोजक संस्थानों ने प्रतिभाग किया। कुल 15 कंपनियों द्वारा विभिन्न रिक्त पदों के सापेक्ष अभ्यर्थियों का पंजीकरण, साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया संपन्न कराई गई। जनपद एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में युवक-युवतियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

मेले में लगभग 750 अभ्यर्थियों ने रोजगार प्राप्त करने के उद्देश्य से आवेदन किया तथा साक्षात्कार प्रक्रिया में सम्मिलित हुए। नियोजक कंपनियों द्वारा अभ्यर्थियों की शैक्षिक योग्यता, तकनीकी दक्षता एवं साक्षात्कार में प्रदर्शन के आधार पर कुल 279 अभ्यर्थियों का विभिन्न रिक्त पदों के लिए चयन किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को संबंधित कंपनियों द्वारा निर्धारित वेतनमान एवं नियमानुसार अन्य सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।

इस अवसर पर जिला सेवायोजन अधिकारी आशीष शुभम चौधरी ने अभ्यर्थियों को निजी क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार की संभावनाओं, कौशल विकास एवं रोजगारपरक प्रशिक्षण के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण कराने तथा भविष्य में आयोजित होने वाले रोजगार मेलों एवं करियर काउंसलिंग कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने रोजगार मेले को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करने वाले सभी नियोजकों, कंपनियों, अतिथियों एवं संबंधित अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिला सेवायोजन कार्यालय द्वारा जनपद के बेरोजगार युवक-युवतियों को अधिकाधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए भविष्य में भी नियमित रूप से रोजगार मेलों एवं करियर काउंसलिंग कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता रहेगा।

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने अभ्यर्थियों एवं नियोजक कंपनियों का उत्साहवर्धन करते हुए युवाओं से उपलब्ध रोजगार अवसरों का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी, नगर पालिका परिषद के चेयरमैन प्रतिनिधि, जिला सेवायोजन अधिकारी आशीष शुभम चौधरी, अनूप सिंह, नोडल प्रधानाचार्य राजकीय आईटीआई अजीतमल, एमआईएस मैनेजर अतुल एवं जिला युवा कल्याण अधिकारी आशुतोष मिश्रा सहित अन्य गणमान्य एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
3/related/default