योगेंद्र गुप्ता अजीतमल (औरैया)। शनिवार को अजीतमल तहसील सभागार में जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें जिलाधिकारी बृजेश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 81 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 12 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी फरियादी को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार तहसील और संबंधित कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही अथवा अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि अधिकारी शिकायतों की वास्तविक स्थिति का परीक्षण करें और जहां आवश्यक हो, वहां मौके पर जाकर जांच करने के बाद निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करें।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों को सुना और संबंधित पुलिस अधिकारियों को निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फरियादियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी शैलेंद्र सिंह, संयुक्त मजिस्ट्रेट एवं उपजिलाधिकारी अजीतमल विनोद कुमार मीना, कोतवाली प्रभारी विजय बहादुर सिंह सहित विद्युत विभाग, लोक निर्माण विभाग, जल निगम, नगर पंचायत, विकास विभाग, जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा विभाग समेत जनपद के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


