अजीतमल औरैया। आगामी चुनावों को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण, नए मतदाताओं के पंजीकरण, मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं और मतदाता जागरूकता को लेकर तहसील क्षेत्र में अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासनिक अधिकारी और बीएलओ की टीमें चुनावी तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए जुटी हुई हैं।
अभियान के तहत बीएलओ की टीमों द्वारा लोकसभा, विधानसभा और ग्राम पंचायत की मतदाता सूचियों का मिलान कर मतदाताओं से संबंधित विवरणों की जांच की जा रही है। इसका उद्देश्य मतदाता सूची में नामों की शुद्धता सुनिश्चित करना, पात्र मतदाताओं के नाम शामिल कराना तथा त्रुटियों और दोहराव जैसी समस्याओं को दूर करना है। साथ ही 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं और अन्य पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
वहीं, मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया से परिचित कराने के लिए तहसील परिसर में जागरूकता शिविर लगाकर ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) का डेमो प्रदर्शन किया जा रहा है। इसके माध्यम से नागरिकों को मतदान करने की प्रक्रिया समझाई जा रही है। मतदान के दौरान मतदाता पहचान पत्र उपलब्ध न होने की स्थिति में निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित वैकल्पिक पहचान दस्तावेजों के संबंध में भी जानकारी दी जा रही है, जिससे मतदान के दिन किसी मतदाता को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
डीएम ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
शनिवार को जिलाधिकारी ब्रजेश कुमार सिंह एवं संयुक्त मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी अजीतमल विनोद कुमार मीना ने विशेष अभियान के दौरान तहसील क्षेत्र के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने अजीतमल कस्बे के श्री जनता इंटर कॉलेज स्थित पोलिंग बूथ पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान की प्रगति और मतदान केंद्रों की तैयारियों के संबंध में जानकारी ली गई।
जिलाधिकारी ने बीएलओ को निर्देशित किया कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। विशेष रूप से नए युवा मतदाताओं के नाम प्राथमिकता के आधार पर जोड़ने, मतदाता सूची में दर्ज विवरणों की जांच करने और नागरिकों की आपत्तियों एवं दावों का निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार निस्तारण करने पर जोर दिया गया।
मौके पर मौजूद नागरिकों को भी मतदान के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। अधिकारियों ने निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन करने, मतदाता सूची में अपना नाम जांचने तथा समय रहते आवश्यक संशोधन और पंजीकरण कराने की अपील की।
प्रशासन का उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के साथ शत-प्रतिशत पात्र मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करना है। इसके लिए मतदाता सूची पुनरीक्षण से लेकर मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं तक प्रत्येक स्तर पर निगरानी की जा रही है।



