ब्यूरो कानपुर देहात।
रोशनी का पर्व दीपावली नजदीक आते देख पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात द्वारा सुरक्षा व्यवस्था, जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से क्षेत्राधिकारी अकबरपुर एवं थाना रनियां के स्थानीय पुलिस बल के साथ थाना रनियां क्षेत्रान्तर्गत विभिन्न स्थानों पर निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान एसपी ने आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
दीपावली का पावन पर्व नजदीक आते ही संदिग्ध गतिविधियों, आम जनमानस की सुरक्षा व्यवस्था को परखने हेतु पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडे ने मंगलवार की देर शाम रानियां थाना क्षेत्र का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान एसपी ने ड्यूटी चेकिंग, पिकेट चेकिंग, पटाखा बाजार एवं सर्राफा मार्केट का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। पटाखा बाजार एवं सर्राफा मार्केट में सुरक्षा के दृष्टिगत किए गए इंतजामों का अवलोकन करते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने एवं निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराने हेतु निर्देशित किया गया।
साथ ही संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ड्यूटी स्थलों पर मुस्तैदी बनाए रखने, नियमित चेकिंग करने एवं संवेदनशील स्थानों पर सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी मुस्तैदी और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाएं, जिससे जनपद में आगामी त्योहार शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं हर्षोल्लास के साथ संपन्न हो सकें।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडे ने बताया कि कानपुर देहात पुलिस आगामी त्योहारों को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु पूर्णतः प्रतिबद्ध है। जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर निरंतर निगरानी एवं प्रभावी चेकिंग की जा रही है।

