औरैया: दो करोड़ रुपये के जीएसटी बकाये के आरोप में दर्ज मुकदमे से परेशान बेरोजगार युवक ने दी जान
जीएसटी विभाग के दस्तावेजों में युवक के नाम पर अलीगढ़ में दिखाई गई 9.38 करोड़ रुपये की बिक्री
फर्जी फर्म के जरिए करोड़ों रुपये का कारोबार दिखाए जाने का आरोप, युवक के नाम दर्ज कराया गया था मुकदमा।
जीएसटी विभाग की कार्रवाई और बार-बार की पूछताछ से मानसिक रूप से परेशान था युवक।
मृतक के पिता ने जीएसटी विभाग के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए कोतवाली में दिया प्रार्थना पत्र।
योगेंद्र गुप्ता अजीतमल (औरैया)। अलीगढ़ में फर्जी फर्म के माध्यम से करोड़ों रुपये की बिक्री दिखाए जाने और करीब दो करोड़ रुपये का जीएसटी बकाया होने के मामले में मुकदमा दर्ज होने से परेशान एक बेरोजगार युवक ने सोमवार देर शाम फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक औरैया जनपद के अजीतमल क्षेत्र के जैनपुर गांव का रहने वाला था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के पिता ने जीएसटी विभाग के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए अजीतमल कोतवाली में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक अगस्त 2025 को अलीगढ़ जनपद के लोधा थाने में जीएसटी विभाग के उपायुक्त (राज्य कर), रेंज अलीगढ़ की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया था। इसमें बताया गया था कि गजेंद्र सिंह पुत्र शिव प्रसाद निवासी जैनपुर, भीखेपुर, जनपद औरैया के नाम से अलीगढ़ के गांव जतनपुर चिकावटी, जिरौली धूमसिंह में श्री जीएस इंटरप्राइजेज नाम से फर्म संचालित है।
जीएसटी विभाग की जांच में सामने आया कि संबंधित फर्म ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में बिना किसी खरीद के 9 करोड़ 38 लाख 28 हजार रुपये की बिक्री दर्शाई थी। इसके सापेक्ष एक करोड़ 98 लाख 44 हजार रुपये की इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) अग्रेषित की गई थी। इस पर विभाग ने जांच के लिए सर्च वारंट जारी किया। अधिकारियों की जांच में कथित तौर पर सामने आया कि किसी व्यक्ति ने धोखाधड़ी से दस्तावेज प्राप्त उक्त पते पर फर्म खोली गजेंद्र सिंह के नाम पर उक्त पते पर फर्म का पंजीकरण था।
इसके बाद जीएसटी विभाग की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। इस प्रकरण में गजेंद्र सिंह से भी कई बार पूछताछ की गई। बताया जाता है कि पूछताछ के दौरान गजेंद्र ने पुलिस और जीएसटी विभाग के अधिकारियों के सामने खुद को निर्दोष बताया था। इसके बावजूद लगातार जांच और पूछताछ से वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। परिजनों के अनुसार, सोमवार देर शाम गजेंद्र ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मंगलवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना के बाद मृतक के पिता शिव प्रसाद पुत्र राधेराम ने अजीतमल कोतवाली में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि उनके पुत्र को कथित फर्जी फर्म का मालिक दर्शाकर अलीगढ़ के लोधा थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था। बिना समुचित जांच के हुई इस कार्रवाई और विभागीय अधिकारियों की लगातार पूछताछ से उनका पुत्र मानसिक रूप से प्रताड़ित था, जिसके चलते उसने आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया।
पिता के मुताबिक, मृतक ने सुसाइड नोट में जीएसटी विभाग के अधिकारियों पर फर्जी तरीके से कार्रवाई करने का आरोप लगाया है। उसने नोट में कथित रूप से गलत कार्य करने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग भी की है। फिलहाल अजीतमल कोतवाली पुलिस पिता की ओर से दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर मामले की जांच में जुटी है। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सच्चाई का पता चलेगा।




