फफूंद (औरैया)। कस्बे के मोहल्ला मोतीपुर निवासी 69 वर्षीय बुजुर्ग किसान का शनिवार सुबह खेत में क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के चेहरे पर गहरे जख्म होने के कारण धारदार हथियार से हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला मोतीपुर निवासी सुरेश कुशवाहा (69) नगर के व्यापारी ऊधम चंद्र अग्रवाल की जमीन बटाई पर लेकर खेती-किसानी करते थे और इसी से अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिजनों के अनुसार, शुक्रवार शाम वह खेत की जुताई कराने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे।
चिंता होने पर शनिवार सुबह उनके पुत्र छूना और बंटी त
लाश करते हुए खेत पर पहुंचे। वहां ट्यूबवेल के पास पिता का क्षत-विक्षत शव पड़ा देख उनके होश उड़ गए। मृतक के चेहरे का आधा हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त था। परिजन आनन-फानन में उन्हें एंबुलेंस की मदद से चिचौली अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
"शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। अभी परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।"
— अजय कुमार, थानाध्यक्ष, फफूंद


